जागृत नारी ही जागृत भारत की पहचान : मायासिंह

Update: 2015-10-13 00:00 GMT

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा राजमाता सिंधिया की जयंती पर आज महापौर निवास पर गरिमामय कार्यक्रम के अवसर पर राजमाता विजयाराजे सिंधियाजी के राजमाता से लोकमाता के रूप में अनवरण पर विमर्श के साथ उनका पुण्य स्मरण किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार की महिला बाल विकास मंत्री माया सिंह ने राजमाता जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि महिला जागृति राजमाता की जन्मजात प्रतिबद्धता थी। 1980 में जब मुंबई में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अटलबिहारी वाजपेयी को कमान सौंपी गयी। राजमाता जी ने कहा कि राजनैतिक क्षेत्र में महिला नेतृत्व के विकास के बिना लोकतंत्र की परिपक्वता की कल्पना संभव नहीं है। जागृत महिला ही जागृत भारत और समग्र लोकतंत्र की पहचान होगी। उनकी पहल पर महिला मोर्चा का गठन किया गया और उन्होंने महिला जागरण का शंखनाद किया। महिला सशक्तिकरण के प्रयास उनकी प्रेरणा का सुुफल है जिसमें मध्यप्रदेश देश में बेजोड़ है।
वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उषा चतुर्वेदी ने राजमाता जी की सरलता, सादगी, निच्छल प्रेम और आत्मीयता को बेजोड़ बताया। उन्होंने कहा पार्टी के विस्तार की चिंता ने उनका जन सामान्यीकरण कर दिया था। उनकी सरलता और सादगी ने सभी को प्रभावित किया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

Similar News