धर्मांतरण के मुद्दे पर ससंद में हंगामा, सरकार चर्चा को तैयार

Update: 2014-12-11 00:00 GMT

नई दिल्ली। आगरा में हुए धर्म परिवर्तन के मामले पर आज भी संसद में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्स लोकसभा अध्यक्ष के आसन के निकट पहुंच गए। उन्होंने सरकार से इस मामले पर सदन में चर्चा कराने की मांग की। जिसे स्वीकार कर लिया गया। लोकसभा में हंगामा होते देख अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी मिलकर नियम तय करें।
इस पर संसदीय कार्य मंत्री वेकैया नायडू ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार है। धर्म परिवर्तन रोकने के लिए कानून बने। धर्म परिवर्तन को लेकर सरकार गंभीर है। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि इसपर नोटिस दिया जाए, मैं चर्चा कराने के लिए तैयार हूं।
लोकसभा की तर्ज पर राज्यसभा में भी धर्म परिवर्तन के मामले पर कांग्रेस ने नोटिस जारी कर चर्चा कराने की मांग की। सांसद पीएल पुनिया ने नोटिस देते हुए कहा कि इस मामले पर साजिश चल रही है जिसकी जांच होनी चाहिए।
अल्पसंख्‍यक राज्यमंत्री मुख्‍तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह कानून व्यवस्था से जुडा मुद्दा है। यदि राज्य में कुछ हो रहा है तो इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। केंद्र का इससे कोई लेना देना नहीं है। हमारी भारतीय जनता पार्टी जोर जबरदस्ती करने में विश्वास नहीं रखती है।
सदन के बाहर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि मैने कल ही सदन में यह मुद्दा उठाया था। यह मामला काफी गंभीर है जिस तरह से वे धर्म परिवर्तन करा रहे हैं इनका उद्देश्‍य साफ है, ये लोग देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा कराना चाहते है।
इस मुद्दे पर सांसद योगीनाथ ने कहा कि धर्म परिवर्तन के नाम पर भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगाया जा रहा है। मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि मीडिया इसे न‍कारात्मक सोच के साथ क्यों देख रही है। यदि कोई घर वापसी करना चाहता है तो उन्हें ऐसा करने देना चाहिए।

Similar News