मुंबई | भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महान सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा कि वह इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) के साथ जुड़कर गर्व महसूस कर रहे हैं। गावस्कर, दक्षिण के सुपरस्टार नागार्जुन और हैदराबाद के व्यवसायी वी. चामुंडेश्रवनाथ ने 10 लाख डॉलर इनामी आईबीएल के लिए मुंबई फ्रेंचाइजी का मालिकाना हक हासिल किया। इस फ्रेंचाइजी को मुंबई मास्टर्स के नाम से जाना जाएगा।
गावस्कर ने कहा, "मैं बैडमिंटन जैसे खेल से जुड़कर गर्व महसूस कर रहा हूं। मैंने पेशेवर तौर पर इस खेल की कद्र की है और खिलाड़ी के तौर पर थोड़ा बहुत इसमें हाथ भी आजमाया है।"
गावस्कर ने कहा, "इस खेल ने भारत को सम्मान दिया है और कई हस्तियां पैदा की हैं। मुझे उम्मीद है कि मेरे इस खेल से जुड़ने से इसके विस्तार और लोकप्रियता में मदद मिलेगी और यही मेरा उद्देश्य भी है।"