यात्रा संपूर्ण होने से 38 दिन पहले पिघला बाबा बर्फानी शिवलिंग

Update: 2013-07-15 00:00 GMT

जम्मू। अमरनाथ गुफा का बाबा बर्फानी शिवलिंग यात्रा संपूर्ण होने से 38 दिन पहले पूरी तरह पिघल चुका है। अमरनाथ गुफा में अब तक 2 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि यात्री शुरू हुए महज 15 दिन हुए हैं। अमरनाथ गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा इस साल पहली जुलाई से शुरू हुई थी जो 24 अगस्त तक चलेगी। शिवभक्त यहां बर्फानी बाबा के पवित्र गुफा में बर्फ से बने प्राकृतिक शिवलिंग का दर्शन करते हैं। यह तीर्थस्थल समुद्रतल से करीब 3888 मीटर की ऊंचाई पर है।
बाबा अमरनाथ को तीथों का तीर्थ कहा जाता है क्योंकि यहीं पर भगवान शिव ने मां पार्वती को अमरत्व का रहस्य बताया था। अमरनाथ बाबा की प्रसिद्ध गुफा जम्मू और कश्मीर राज्य के श्रीनगर शहर के उत्तर-पूर्व में स्थित है। गुफा 11 मीटर ऊंची है। इसकी लंबाई 19 मीटर और चौडाई 16 मीटर है। पवित्र गुफा में हर वर्ष बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग बनता है। प्राकृतिक हिम से निर्मित होने के कारण इसे हिमानी या बर्फानी शिवलिंग भी कहते हैं।
इस बार यहां आठ फीट ऊंचा शिवलिंग बना था। पवित्र हिमलिंग दर्शन के लिए प्रतिवर्ष यहां लाखों की संख्या में लोग आते हैं। गुफा में ऊपर से बर्फ के समान पानी की बूंदें जगह-जगह टपकती रहती हैं। यहीं पर एक ऎसी जगह है, जिसमें टपकने वाली बर्फ की बूंदों से लगभग दस फुट लंबा शिवलिंग बन जाता है। चन्द्रमा के घटने-बढने के साथ-साथ इस बर्फ का आकार भी घटता-बढता रहता है।

Similar News