साल 2050 में भारत होगा सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश

Update: 2013-10-02 00:00 GMT

नई दिल्ली । एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि साल 2050 तक भारत विश्व में सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बन जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया की आबादी फिलहाल, 7.1 अरब है जो वर्ष 2050 में बढ़ कर 9.7 अरब हो जाएगी। साथ ही, भारत जनसंख्या के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा। अनुमान है कि इस सदी के अंत तक पृथ्वी में लोगों की संख्या 10 से 11 अरब तक पहुंच जाएगी।  वर्ष 2050 तक भारत वैश्विक आबादी के मामले में सबसे आगे हो जाएगा। तब 1.6 अरब की आबादी के साथ भारत सर्वाधिक आबादी वाला देश होगा और चीन 1.3 अरब आबादी के साथ दूसरे स्थान पर होगा।
अध्ययन के अनुसार, फिलहाल 60 साल और इससे अधिक उम्र के लोगों की संख्या 84.1 करोड़ है जो वर्ष 2050 में बढ़ कर दो अरब और 2100 में करीब तीन अरब हो जाएगी।
इससे पहले, जून में संयुक्त राष्ट्र के एक अध्ययन में दावा किया गया था कि वर्ष 2050 तक वैश्विक आबादी 9.6 अरब हो जाएगी। वर्ष 2050 में अफ्रीका की आबादी दुनिया की आबादी का चौथाई हिस्सा यानी करीब 2.5 अरब होगी। एशिया की आबादी भी वर्तमान 4.3 अरब से बढ़ कर 5.2 अरब हो जाएगी।

Similar News