भिण्ड | सामाजिक संस्था अहिंसा ग्रुप सोशल वेलफेयर सोसाइटी भिण्ड द्वारा जिला मुख्यालय से 20 कि.मी. की दूरी पर म.प्र., उ.प्र. सीमा पर स्थित ग्राम बरही में सिद्ध क्षेत्र मन्दिर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आर्यिका ज्ञानमती माताजी का मंगल आशीर्वाद प्राप्त हुआ। वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगर निरीक्षक थाना फूफ महेश सिंह जादौन ने विशेष रूप से उपस्थित होकर इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपना योगदारन दिया। ग्राम बरही में इस समय परम पूज्यनीय 105 आर्यिका ज्ञानमती माताजी ससंघ चातुर्मास कर रही है, जिनके मार्गदर्शन में 12 से 24 जुलाई 12 तक काल सर्प योग निवारण, 22 रिद्धि वृद्धि कल्याण मन्दिर पारसनाथ विधान महोत्सव का आयोजन चल रहा है। जिसमें भिण्ड जिल के अलावा अन्य जिलों व राज्यों से धर्मावलम्बी धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर समाज के कभी लोगों ने मन्दिर परिसर में वृक्षारोपण किए।
उपस्थित अतिथियों ने कहा कि आज वातावरण दिनों दिन प्रदूषित होता जा रहा हैं, जिसकी रोकथाम के लिए पेड़ पौधों की महती आवश्यकता है तथा पेड़ पौधों से हमें स्वच्छ ऑक्सीजन मिलती है, लेकिन लोग पेड़-पौधों को काटने में लगे हुए हैं। अत: हमें पर्यावरण सुरक्षित रखने के लिए जन जागरुकता कार्यक्रम निरंतर करते रहना चाहिए। इस अवसर पर 22 जुलाई को कैलाश चन्द्र, संजीव कुमार जैन दरगापुरा वालों की ओर से विधान का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 200 श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जन किया। इस अवसर पर बरही कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार जैन कक्का, इन्द्रसेन जैन, रमेशचन्द्र जैन गढ़ा वाले, छेदीलाल दद्दा अहिंसा ग्रुप के सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।