अमेरिका ने म्यांमार से आयात प्रतिबंधों में ढील दी

Update: 2012-11-17 00:00 GMT

वाशिंगटन |  अमेरिका ने शुक्रवार को म्यांमार से वस्तुओं के आयात पर बीते 10 वर्षो से लागू प्रतिबंधों में ढील दे दी। यह ढील ऐसे समय में दी गई है, जब राष्ट्रपति बराक ओबामा चंद दिनों में म्यांमार पहुंचने वाले हैं। अमेरिकी वित्त विभाग ने कहा है कि यह कदम म्यांमार में चल रहे सुधार प्रयासों को मदद देने के लिए, बदलावों को प्रोत्साहित करने के लिए और दोनों देशों में व्यापार के नए अवसरों पेश करने के लिए उठाया गया है। इसके परिणामस्वरूप अमेरिका एक छूट और सामान्य लाइसेंस के तहत म्यांमार के अधिकांश उत्पादों के लिए अपने दरवाजे खोल देगा, लेकिन इनमें देश से निकलने वाले माणिक और पन्ना तथा इससे निर्मित जेवरात शामिल नहीं होंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने 26 सितम्बर को घोषणा की थी कि अमेरिका म्यांमार में एक वर्ष से अधिक समय से चल रहे सुधार प्रयासों के जवाब में 2003 से लागू प्रतिबंधों में ढील देने की प्रक्रिया शुरू करेगा। क्लिंटन ने दिसम्बर 2011 में म्यांमार की यात्रा की थी। ज्ञात हो कि वह बीते 56 वर्षो में अमेरिका की पहली ऐसी विदेश मंत्री हैं, जिन्होंने म्यांमार की यात्रा की। गौरतलब है कि अमेरिका ने इसी वर्ष जुलाई में म्यांमार के साथ कूटनीतिक सम्बंध बहाल किए थे और निवेश पर लागू प्रतिबंध हटा लिए थे।



Similar News