अगर आपके घर में बच्चे पिज्जा, बर्गर और चीज़ी स्नैक्स के शौकीन हैं, तो ये गार्लिक ब्रेड रेसिपी उनके लिए बिल्कुल परफेक्ट है।
हल्की लहसुन की खुशबू, ऊपर से मक्खन और पिघला हुआ चीज़, इसका स्वाद ऐसा होता है कि कोई भी मना नहीं कर पाता। अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए ओवन की जरूरत नहीं है, आप इसे स्टीम में भी तैयार कर सकते हैं।
सबसे पहले गुनगुने पानी में थोड़ा चीनी और यीस्ट मिलाकर 5–10 मिनट के लिए रख दें। जब उसमें झाग बनने लगे, तो समझ लें कि यीस्ट एक्टिव हो गया है।
अब एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें नमक, लहसुन का पेस्ट, पिज्जा सीजनिंग, बारीक कटा धनिया और थोड़ा तेल डालकर मिला लें। इसके बाद तैयार यीस्ट वाला पानी डालकर नरम और मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर लगभग 1 घंटे के लिए रख दें, ताकि वह फूलकर दोगुना हो जाए।
जब आटा तैयार हो जाए, तो उसे हल्का सा दबाकर लंबी स्ट्रिप्स या मनचाहे आकार में काट लें। इन टुकड़ों को स्टीमर में रखकर करीब 15 मिनट तक भाप में पकाएं। स्टीम में पकने से ब्रेड बहुत सॉफ्ट और स्पंजी बनती है।
इसी दौरान क्रीमी चीज़ सॉस भी तैयार कर लें। एक पैन में मक्खन गर्म करें, उसमें थोड़ा मैदा डालकर हल्का भूनें। फिर धीरे-धीरे दूध डालते हुए लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें। आखिर में कद्दूकस किया हुआ चीज़ डालें और मिश्रण को गाढ़ा और स्मूद होने तक पकाएं।
तैयार गार्लिक ब्रेड को गरमागरम चीज़ सॉस के साथ परोसें। यकीन मानिए, बच्चे ही नहीं बड़े भी इसे बार-बार खाने की फरमाइश करेंगे।