Home > राज्य > अन्य > राजस्थान > राजनाथ सिंह ने गहलोत सरकार कसा तंज, कहा -मुख्यमंत्री की गाड़ी का क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है

राजनाथ सिंह ने गहलोत सरकार कसा तंज, कहा -मुख्यमंत्री की गाड़ी का क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जयपुर में परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाई

राजनाथ सिंह ने गहलोत सरकार कसा तंज, कहा -मुख्यमंत्री की गाड़ी का क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है
X

जयपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर कई तंज कसे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत जिस गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं, उसका क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है।

रक्षा मंत्री सोमवार को रामदेवरा में भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए 28 दल एक साथ आए हैं। इस गठबंधन के हालात ऐसे हैं कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। इन्हीं के गठबंधन के लोग सनातन धर्म को चोट पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस चुप है। राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी इस पर क्यों कुछ नहीं बोल रहे हैं। सनातन धर्म का न कोई जन्म है, न अंत है। चंद्रयान की लॉन्चिंग और लैंडिंग तो सफलतापूर्वक हो गई, लेकिन राहुलयान की 20 साल से न तो लॉन्चिंग हो पाई है न ही लैंडिंग हो पाई है।

यह यात्रा जोधपुर संभाग में 20 दिन में 51 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि 56 महीने में 10 लाख मुकदमे हुए हैं। 7650 निर्दोष लोगों की हत्या राजस्थान में हुई है। राजस्थान जैसे हालात कहीं नहीं हैं। दो लाख में से 31 हजार मामले दुष्कर्म के हैं। छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया गया है। जोधपुर में पूरे परिवार की हत्या हुई है। उदयपुर में जो हुआ, वो भी सभी को याद है। यह यात्रा परिवर्तन का शंखनाद है। कांग्रेस और भाजपा के शासन का लोग खुद आकलन करें कि पहले क्या माहौल था और अब क्या माहौल है।

पांच परमाणु परीक्षण

रक्षा मंत्री ने कहा कि पांच परमाणु परीक्षण इसी भूमि पर हुए हैं। यह भूमि कई मायनों में गौरव बढ़ाने वाली है। 1998 में भारत ने जो छलांग परमाणु परीक्षण कर लगाई थी। उसी तरह की छलांग 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने चांद पर उतरकर लगाई है। भारत चांद पर तो पहुंच गया है। अब 15 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर हम आदित्य-एल1 से सूर्य की तरफ जा रहे हैं। हॉलीवुड फिल्मों से भी कम बजट में ये काम हमारे वैज्ञानिकों ने किए हैं। 2014 में हमारी अर्थव्यवस्था 10वें स्थान पर थी। अब 9 साल बाद भारत अर्थव्यवस्था में 5वें स्थान पर आ गया है। 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था टॉप थ्री में होगी। जब हम लोगों की 2014 में सरकार बनी तब 18 हजार गांवों में बिजली नहीं थी। डेढ़ साल में हमारी सरकार ने बिजली पहुंचाने का काम किया है। जनधन खाते से पैसे सीधे अकाउंट में जाते हैं, जिससे भ्रष्टाचार के रास्ते बंद हो गए हैं। दिल्ली से निकला पूरा पैसा लोगों के पास जाता है। गरीब कल्याण हमारा मंत्र, मिशन है।

हमारे वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाई

उन्होंने कहा कि भारत अब कमजोर नहीं बल्कि ताकतवर देश है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले हमारी बात नहीं सुनी जाती थी, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। भारत की प्रतिष्ठा पूरी दुनिया में बढ़ी है। कोरोना के समय हमारे वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाई। आज भारत की स्थिति वैक्सीन के मामले में ऐसी बन गई कि दुनिया के 100 देशों को भारत ने वैक्सीन भेजी।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे देश की धाक पूरे विश्व में जमाई है। देश में गरीबी कम की है। लोगों के जीवन में खुशहाली आई है। राम मंदिर का निर्माण करने का काम मोदी सरकार ने किया है। राजस्थान में 2018 में कांग्रेस झांसा देकर सरकार में आई। अंगुलियों पर गिनकर 10 दिन में कर्जा माफ करने की बात कही, लेकिन किया नहीं। आज राजस्थान में कानून और सरकार नाम की कोई चीज नहीं रही। रोज हत्या, गैंगवार, गैंगरेप, लूट की वारदात हो रही है। महिला अत्याचार में राजस्थान एक नंबर पर है। ये सरकार बहरी और गूंगी है।


Updated : 4 Sep 2023 1:30 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top