Home > Archived > अब पीले रंग में दिखाई देगा पूरा ट्रांसपोर्ट नगर

अब पीले रंग में दिखाई देगा पूरा ट्रांसपोर्ट नगर

अब पीले रंग में दिखाई देगा पूरा ट्रांसपोर्ट नगर
X

अतिरिक्त सड़क का निर्माण शुरू, भूरे-लाल रंग के होंगे बॉर्डर


ग्वालियर, न.सं.| ट्रांसपोर्ट नगर (यातायात नगर) के कारोबारियों लिए खुश खबरी यह तो है ही कि यहां की सड़कें 25 वर्ष बाद बनना शुरू हो गई हैं लेकिन इससे बड़ी एक खुशखबरी यह भी है कि अब ट्रांसपोर्ट नगर एक ही रंग में रंगा हुआ दिखाई देगा। जिससे ट्रांसपोर्ट नगर की सुंदरता कई गुणा बढ़ जाएगी। इसी के साथ यहां जिन सड़कों का निर्माण हो रहा है उनको जोड़ने वाली एक अतिरिक्त सड़क का भी निर्माण किया जा रहा है जिसे इन सड़कों के बजट के बाद स्वीकृत किया गया है। इस सड़क के बनने से ट्रांसपोर्ट नगर के लोगों को काफी हद तक आवागमन में राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि शुरूआती समय से ट्रांसपोर्ट नगर की पूरी सड़कें कच्ची हुआ करती थीं। यहां दिन भर लाल रंग की धूल उड़ा करती थी जिससे यहां के पेड़-पौधे, मकान और दुकानें तक लाल रंग में रंग गए थे। ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे भी हो गए थे जो आए दिन किसी न किसी दुर्घटना को जन्म दे रहे थे। वहीं यहां के व्यापारियों की मांग पर और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रयासों से ट्रांसपोर्ट नगर के इतिहास में पहली बार 13 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों का निर्माण ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। संभवत: ट्रांसपोर्ट नगर की यह सड़कें अप्रैल अंत तक बनकर तैयार हो जाएंगी। यहां की तीन सड़कें बनकर भी तैयार हो गर्इं हैं। हालांकि व्यापारियों का आरोप है कि काम धीमी गति से चल रहा है।

जीडीए कार्यालय भी होगा पीले रंग में
ग्वालियर विकास प्राधिकरण ने निर्णय लिया है कि ट्रांसपोर्ट नगर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर की जो सड़कें हैं उनके दोनों ओर बने मकानों पर हल्के पीले रंग से पेंट किया जाएगा। इन मकानों के बॉर्डर को भूरे लाल रंग से पेंट किया जाएगा जिससे पूरा का पूरा ट्रांसपोर्ट नगर एक रंग में रंगा हुआ दिखाई देगा। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर में बने ग्वालियर विकास प्राधिकरण के कार्यालय को भी इसी रंग में रंगा जाएगा।
यह काम भी होंगे वहां पर
* ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों पर डिवाइडर बनाए जाएंगे। इन डिवाइडरों में पेड़ भी लगाए जाएंगे जिससे ट्रांसपोर्ट नगर एक रंग के साथ हरा-भरा दिखाई देगा।
*ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों के दोनों ओर नालियां भी बनाई जाएंगी जिससे यहां पानी जमा नहीं हो सकेगा।
*412 किलोमीटर की सड़क पर 13 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा।

इनका कहना है
‘सड़कें बनाने का काम तेज गति से चल रहा है। अप्रैल माह में सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी। ट्रांसपोर्ट नगर में इस बार सड़क के दोनों ओर बने मकानों और दुकानों को पीले रंग से पेंट करवाया जाएगा इसी के साथ इनके बॉर्डर को भूरे लाल रंग (रेडिश ब्राउन) में पेंट किया जाएगा जिससे देखने में एक सा दिखाई देगा। ट्रांसपोर्ट नगर को हरा भरा करने के लिए पेड-पौधे भी लगाए जाएंगे।’

अभय चौधरी
अध्यक्ष, ग्वालियर विकास प्राधिकरण

‘ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क बनाने के साथ गिट्टी और मुरम डालने का काम चल रहा है। काम पूरा होते ही ट्रांसपोर्ट नगर अच्छा दिखाई देने लगेगा। ’

सुनील माहेश्वरी, ट्रांसपोर्ट कारोबारी

‘काम धीरे हो रहा है मगर खुशी यह है कि हो तो रहा है। हम सब लोग तो इसमें ही खुश है कि ट्रांसपोर्ट नगर का विकास हो रहा है।’

परविंद सिंह, ट्रांसपोर्ट कारोबारी

Updated : 17 April 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top