स्कूल वैन की टक्कर से बच्ची की मौत

स्कूल वैन की टक्कर से बच्ची की मौत
X

घायल मासूम ने पिता की गोद में ली अंतिम सांस

ग्वालियर |
स्कूल वैन चालक की लापरवाही ने मासूम बच्ची की जान ले ली। तेज रफ्तार से स्कूल वैन दौड़ा रहे चालक ने घर के बाहर खेल रही मासूम को टक्कर मार दी। मासूम की मौत की वजह सिर में गंभीर चोट लगना बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी वैन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गोले का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिव कॉलोनी स्थित गली नम्बर एक नरवरिया आटा की चक्की के पास रहने वाले रामखिलाड़ी राठौर की तीन वर्षीय बेटी अनुष्का शनिवार को सुबह घर के बाहर दरवाजे के पास खेल रही थी। सुबह आठ बजे के करीब स्कूल वैन क्रमांक एमपी 07 बीए 4280 का चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए लाया और दरवाजे के पास खेल रही मासूम अनुष्का को टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगते ही मासूम बेहोश हो गई। हादसे का पता चलते ही परिजनों ने दौड़कर बच्ची को उठाया और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। बताया गया है कि अनुष्का के सिर में कार की टक्कर लगने से वह बेहोश हो गई थी। परिजन अनुष्का को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे भर्ती करने से इंकार कर दिया। इस पर परिजन अनुष्का को दूसरे अस्पताल ले गए। यहां पर भी चिकित्सकों ने बच्ची की हालत गंभीर देख उसका इलाज करने से हाथ खड़े कर दिए। परेशान बच्ची के ताऊ महेश राठौर और पिता रामखिलाड़ी अनुष्का को लेकर जयारोग्य अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूत्र बताते हैं कि जिस समय अनुष्का को परिजन अस्पताल में ले जा रहे थे, उसी दौरान उसने पिता की गोद में ही दम तोड़ दिया था। मौत का कारण अनुष्का में सिर में गंभीर चोट लगना बताया जा रहा है। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी वैन चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी को जब्त कर लिया है।
एक माह पहले ही घर में आई थीं खुशियां
एक माह पहले ही रामखिलाड़ी के बेटे का जन्म हुआ था। अनुष्का के बाद बेटे का जन्म होने पर घर में खुशियां मनाई गई थीं। अनुष्का की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अनुष्का के ताऊ महेश राठौर का कहना था कि भगवान को जो मंजूर था, सो हो गया। गलती किसकी है? अब उससे क्या होगा? हमारी बेटी तो चली गई।

Next Story