बाल रेल से चिड़ियाघर का बढ़ेगा आकर्षण : माया सिंह

बाल रेल से चिड़ियाघर का बढ़ेगा आकर्षण : माया सिंह
X

नए प्राणी संग्रहालय के लिए वन विभाग को भेजा है प्रस्ताव
ग्वालियर। ग्वालियर का वन्यप्राणी संग्रहालय हमेशा से ही जन आकर्षण का केन्द्र रहा है। इसमें बाल रेल का संचालन प्रारंभ होने से बच्चों के लिए यह और अधिक आकर्षण का केन्द्र बनेगा। यह बात शनिवार को नगरीय प्रशासन मंत्री मायासिंह ने ग्वालियर प्राणी संग्रहालय में बाल रेल के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर विवेक शेजवलकर ने की।

इस मौके पर श्रीमती सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा नए प्राणी संग्रहालय के लिए वन विभाग की 125 एकड़ भूमि का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके संबंध में वह राजस्व विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द ही चर्चा करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर श्री शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर के प्राणी संग्रहालय में बच्चों के लिए रेल प्रारंभ की गई है। बच्चों के लिए पूर्व में संचालित रेल किन्हीं कारणों से बंद हो गई थी, जिसे पुन: प्रारंभ किया गया है। इसके प्रारंभ होने से प्राणी संग्रहालय में बच्चों को आकर्षक झूले व वॉटर वोट के साथ ही बाहर रेल का भी आनंद प्राप्त होने लगेगा। निगमायुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि ग्वालियर के प्राणी संग्रहालय के लिए नई भूमि का प्रस्ताव भी वन विभाग को भेजा गया है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बाल रेल का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। बाल रेल में बच्चों ने बैठकर रेल का आनंद उठाया। इस मौके पर पूर्व मंत्री मुंशीलाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा उपस्थित थे।

नगरीय प्रशासन मंत्री ने बांटे पक्षियों के लिए सकोरे
कार्यक्रम के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती सिंह ने दाना पानी अभियान के तहत पक्षियों के लिए दाना पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से सकोरे भी वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने सभी महिलाओं से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने घरों पर पक्षियों के लिए दाना व पानी रखें और इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का कार्य भी करें।

Next Story