Home > Archived > फूलपुर उपचुनाव तय करेगा देश का भविष्य

फूलपुर उपचुनाव तय करेगा देश का भविष्य

फूलपुर उपचुनाव तय करेगा देश का भविष्य
X

इलाहाबाद। फूलपुर का उपचुनाव प्रदेश ही नहीं पूरे देश का भविष्य तय करेगा। भर्तियों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों द्वारा चलाये गये आन्दोलन के साथ भाजपा खड़ी है और सीबीआई जांच जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बुधवार को प्रतियोगी छात्रों एवं इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रनेताओं की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को समर्पित है और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों सभी वर्गों को फायदा देने की नीति पर काम कर रहे हैं। इससे हर के गरीब को फायदा मिल रहा है, लेकिन आजादी के बाद से आज तक कांग्रेस व बसपा एवं सपा ने देश की जनता को क्या दिया है? फूलपुर की जनता ने कई प्रधानमंत्री दिये, लेकिन इसके बदले इलाहाबाद को क्या मिला? बसपा व सपा ने इस तरह से जातिवादी जहर घोलकर प्रदेश की जनता को लूटा। विकास के नाम पर अतीक जैसा डॉन दिया, जिसके भय से यहां की जनता परेशान हो चुकी थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सूबे की जनता ने ऐसे व्यक्ति के हाथ में देश की बागडोर सौंपी है, जिसका अपना कुछ भी नहीं है, महज नगर निगम द्वारा बना तीन कमरों का मकान है। उन्हें देश की जनता से कुछ भी नहीं चाहिए। वह लगातार देश की जनता के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर यूपी की जनता ने योगी जैसे व्यक्तित्व को प्रदेश की बागडोर सौंपी है, जिन्हें गोरक्ष पीठ के अतिरिक्त कोई जरूरत नहीं है। जब से उन्होंने प्रदेश की बागडोर संभाली है, लगातार हर पल गरीबों, किसानों, मजदूरों को भ्रष्टाचार विहीन सुविधाएं और गुण्डाराज मुक्त सरकार देने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सूबे में विगत कई वर्षों से लूट-खसोट कर रही सपा-बसपा को अब भाजपा से खतरा हो चुका है, जिससे वह पूरी तरह से चिन्तित हो चुकी हैं कि लूट-खसोट एवं भ्रष्टाचार से कमाई गई सम्पत्ति अब जाने वाली है। यह लोग अपनी सम्पत्तियों को बचाने के लिए विभिन्न दलों को एक जुट होकर फूलपुर उपचुनाव जीतने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फूलपुर की जनता, छात्र, नौजवान एवं गरीब किसान कांग्रेस, बसपा, सपा सहित सभी दलों की नीतियों एवं अपराधियों के सरक्षण के बारे में वाकिब हो चुकी है। देश की जनता अब देश के गौरव एवं विकास के साथ खड़ी हो चुकी है।
पाण्डेय ने छात्र नेताओं एवं युवाओं से अपील करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत एवं देश की अखण्डता एवं सम्मान के लिए फूलपुर उपचुनाव एक अभ्यास के रूप में लिया जाय। छात्र सब कुछ भूलकर देश के सम्मान के लिए एकजुट होकर उपचुनाव में अपने ही बीच से निकलकर आये प्रत्याशी कौशलेन्द्र सिंह पटेल के पक्ष में मतदान करें।
बैठक में विधायक भूपेश चौबे, पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, राम चन्द्र मिश्र, गोविन्द नारायण शुक्ला, उपेन्द्र नाथ तिवारी, डा. अजय, भाजपा नेता लक्ष्मणा चार्य, डा. मनीष शुक्ला, राजेश पाण्डेय, प्रदेश मंत्री श्री प्रकाश पाल, इविवि के पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्र, दिनेश यादव सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कई छात्रनेता उपस्थित रहे।

Updated : 7 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top