विवि कर्मियों की भूख हड़ताल जारी, छात्र परेशान

विवि कर्मियों की भूख हड़ताल जारी, छात्र परेशान
X

लम्बी खिंच सकती है हड़ताल
ग्वालियर।
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जीवाजी विश्वविद्यालय के हालात दिन व दिन बिगड़ते जा रहे हैं, जिसके चलते विवि में अपनी समस्या लेकर आने वाले छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर जीवाजी विवि की कुलपति सहित अन्य अधिकारी भी चिंतित नजर आ रहे हैं।

मंगलवार को भी सुबह से ही विवि के कर्मचारी धरने पर बैठे रहे। हड़ताली कर्मचारियों ने किसी भी कर्मचारी को अंदर नहीं जाने दिया। वहीं पांच कर्मचारियों की नियमित रूप से भूख-हड़ताल भी जारी रही। विवि में जारी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण परीक्षा व गोपनीय सहित अन्य सभी विभागों के काम पूरी तरह ठप हो गए हैं। हालत यह है कि विवि में छात्रों की न तो अंकसूचियां बन रही हैं और न ही उनमें संशोधन हो पा रहा है। यहां तक कि नामांकन व छात्र परीक्षा फार्म तक नहीं भर पा रहे हैं।

टीचर एसोसिएशन ने भी दिया समर्थन
मंगलवार को धरने पर बैठे कर्मचारियों की हड़ताल को जीवाजी यूनिवर्सिटी टीचर एसोसिएशन ने लिखित में अपना समर्थन दिया। टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. एस.के. द्विवेदी, सचिव डॉ. शांतिदेव सिसौदिया, प्रो. आर.ए. शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी धरने पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया।

बैठक में नहीं रखी मांगें कर्मचारी हुए मायूस
जीवाजी विश्वविद्यालय सहित प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों के कर्मचारी अपने नियमितीकरण एवं सातवें वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर आठ मार्च से हड़ताल पर हैं। इन कर्मचारियों की मांगों को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया एवं अधिकारियों ने आश्वासन किया था कि उनकी मांगें कैबिनेट की बैठक में रखी जाएंगी, लेकिन मंगलवार को हुई बैठक में इन कर्मचारियों की मांगें नहीं रखी गर्इं, जिसके चलते कर्मचारियों में मायूसी छा गई है। उधर सूत्रों की मानें तो अब कर्मचारी आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं।

Next Story