कुुआ एवं प्याऊ पर कब्जा, अवैध दुकानें बनाकर 30-30 हजार किराए पर उठार्इं

मुरार में जैन मंदिर दादाबाड़ी के बाहर पसरा अतिक्रमण
ग्वालियर, विशेष प्रतिनिधि | मुरार के पॉश क्षेत्र बारादरी से लगे शंभू मल की बगीची श्री जैन श्वेताम्बर मंदिर दादाबाड़ी के बाहर कुछ लोगों द्वारा न सिर्फ अतिक्रमण कर लिया गया है बल्कि नगर निगम की प्याऊ एवं पुराने कुएं पर कब्जा कर दुकानें बनाई जा रही हैं। इसकी शिकायतें मंत्री से लेकर कलेक्टर, निगमायुक्त को किए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक मुरार में वार्ड क्रमांक सात के तहत आने वाले इस क्षेत्र में जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संस्थान कमेटी के अध्यक्ष निर्मल कोठारी ने 23 फरवरी 2018 को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री, महापौर, जिलाधीश, निगमायुक्त के साथ पुलिस अधीक्षक को प्राचीन दादाबाड़ी मंदिर के प्रवेश द्वार पर नगर निगम की शासकीय भूमि पर कुछ बलशाली असमाजिक तत्वों द्वारा चार पक्की दुकानों का निर्माण कर लिया गया है। यह अवैध निर्माण निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मिली भगत से करने के बाद इन्हें 30-30 हजार रुपए किराए पर उठा दिया गया है। इससे मार्ग का आवागमन अवरूद्ध हो रहा है। जबकि ऐसे निर्माण के विरूद्ध उच्चन्यायालय की ग्वालियर खण्डपीठ द्वारा 25 जुलाई 2003 को डब्ल्यूपी क्रमांक 449/2002 में नगर निगम को अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे तब कहीं थोड़ा- बहुत अतिक्रमण हटाया गया लेकिन इसके बाद इसी भूमि पर सांठ-गांठ के चलते कई गुणा अधिक हिस्से पर अतिक्रमण कर निर्माण कर लिया गया है। इस मामले में जिलाधीश राहुल जैन ने 7 मार्च 2018 को निगमायुक्त को पत्र क्रमांक क्यू/एसटी/15-क लिखकर श्री जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संस्थान कमेटी के प्रतिनिधि मण्डल द्वारा अभ्यावेदनपत्र प्रस्तुत कर अवगता कराया गया है कि संस्थान के स्वामित्व के मंदिर दादाबाड़ी बारादरी मुरार के मुख्य द्वार के आगे अतिक्रमण कर लिया गया है अत: उक्त स्थल का मौका मुआयना कर जांच उपरांत अतिक्रमण को नियमानुसार हटाए जाने की कार्रवाई की जाए। इसी तरह मंदिर के अंदर के हिस्से के अतिक्रमण मामले में उच्च न्यायालय की ग्वालियर खण्डपीठ द्वारा प्रकरण क्रमांक 845/2014 में स्थगन आदेश देने के बावजूद कतिपय लोगों द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है। इनका इरादा पिलर के ऊपर छत ढलाई का है। लेकिन सरेआम हो रहे कब्जे और निर्माण की शिकायतों के बावजूद निगम के अधिकारी किसी भी कार्रवाई के लिए तैयार नहीं हैं।
इनका कहना है
‘मंत्री और अधिकारियों को शिकायत के बाद दादाबाड़ी के बाहर हो रहे अतिक्रमण को हटाने निगम के अधिकारी तैयार नहीं हैं। जिससे अतिक्रमण कर्ताओं के हौंसले बुलंद हैं। ’
निर्मल कोठारी
अध्यक्ष, श्री जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संस्था
‘जैन मंदिर के बाहर अतिक्रमण की शिकायत मिली है लेकिन वर्तमान में वहां किसी तरह का निर्माण नहीं हो रहा है। जो निर्माण है वह वर्षों पुराना है। यदि मौके पर निर्माण हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।’
महेन्द्र अग्रवाल , भवन अधिकारी
ग्वालियर पूर्व
‘दादाबाड़ी के बाहर किसी तरह का अतिक्रमण नहीं है। प्याऊ और टॉयलेट के लिए व्यवसाई संघ द्वारा चंदा कर निर्माण कराया जा रहा है। ’
बृजेश गुप्ता , पार्षद वार्ड क्रमांक 27
