दाल बाजार की दुकान की बोली पहुंची 2.61 करोड़

ग्वालियर, विशेष प्रतिनिधि| दाल बाजार के मुख्य बाजार की 430 फीट की दुकान की नीलामी के लिए लगाई जा रही बोली की कीमत गुरुवार को 2.61 करोड़ रुपए पर जा पहुंची। अंतिम बोली शुक्रवार को लगाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रामजी गुप्ता की अदालत द्वारा गंगाराम भगवान दास फर्म की 24 गुणा 18 फीट की दुकान की कुर्की के बाद उसे बेचने के लिए नीलामी की जा रही है। चूंकि दाल बाजार बेहद पॉश एवं महंगा क्षेत्र है, इसलिए इस दुकान को खरीदने कई धन्ना सेठ आगे आ रहे है। नीलामी के दूसरे दिन हरीश्याम अग्रवाल ने 2.61 करोड़ की बोली लगाई। इसके पहले विपुल अग्रवाल ने 2.53 करोड़ दीपक अग्रवाल ने 2.5 करोड़ संजीव अग्रवाल ने 2.50 करोड़ मोहन लाल अग्रवाल 2.52 करोड़ रमेश, अग्रवाल बृजवाशी ने 2.31 करोड़, अखिलेश गुप्ता 2 करोड़ की बोली लगाई।
नीलामी की कार्रवाई अदालत से आए नाजिर सुरेश रजक द्वारा कराई गई। शुक्रवार को एक बार फिर बोली लगेगी और इसी दिन दुकान नीलामी की कार्यवाही पूर्ण हो जाएगी।
