भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए बनाया प्लान

भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए बनाया प्लान
X


नई दिल्ली। भाजपा की तर्ज पर अब कांग्रेस ने भी बूथ मैनेजमेंट में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत विधानसभा चुनावों से की जाएगी और तकनीक के सफल होने पर पार्टी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उसे आजमाएगी। इसके लिए कांग्रेस ने पहले कार्यकर्ताओं की पहचान सुनिश्चित करने का अभियान शुरू किया है। साथ ही, स्विंग बूथ और समर्पित वोटरों की भी पहचान की जाएगी। सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध आंकड़ों के जरिए कोर वोट बेस का पता लगाया जाएगा| इन आंकड़ों की मदद से विभिन्न राजनीतिक मसलों पर मतदाताओं के मूड का पता लगाने के लिए सर्वे भी कराया जाएगा। इस डाटाबेस के सहारे कांग्रेस वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान जनता से सीधा संवाद भी कर सकेगी।

इस प्रक्रिया के जरिए पार्टी जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से सीधे जुड़ेगी। फिलहाल दिल्ली और राजस्थान में इसकी शुरुआत कर दी गई है। राजस्थान में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके बाद इस अभियान को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में लागू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी पहले से ही माइक्रो लेवल तक बूथ मैनेजमेंट का काम कर रही है| इसका नतीजा भी दिखा है।

कांग्रेस द्वारा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के ब्योरे को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के बाद सीधे वोटरों की राय जानने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत किसी खास जिले के मतदाताओं का मूड भांपने के लिए ओपिनियन पोल कराया जाएगा। उनसे विभिन्न मसलों पर सीधे सवाल पूछे जाएंगे। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान शहरी क्षेत्रों में इस तकनीक को आजमाया गया था और उसी के जरिए पता चला था कि मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के रुख से प्रभावित हैं।

इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नवगठित डाटा एनालिटिक्स डिपार्टमेंट को सौंपी गई है। इसमें स्वतंत्र विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी। प्रोजेक्ट में लगे कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी को जहां का ब्योरा नहीं मिलेगा वहां पार्टी कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा। उन्हें मतदाताओं के घरों में जाकर उनका प्रोफाइल तैयार करने को कहा जाएगा।

Next Story