पीएनबी घोटाले पर राहुल गांधी का आरोप, बेटी को बचाने के लिए चुप हैं जेटली

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 12700 करोड़ के घोटाले को लेकर वित्तमंत्री अरुण जेटली पर सीधा निशाना साधा है। सोमवार को राहुल ने ट्वीट कर लिखा है कि अरुण जेटली अपनी बेटी जो कि वकील हैं उन्हें बचाने के लिए चुप हैं। उनकी बेटी को घोटाले के आरोपी के द्वारा बड़ी फीस दी गई थी। राहुल ने लिखा है कि सीबीआई जांच के दौरान अगर अन्य कानूनी फर्मों पर छापेमारी कर रही थी तो अरुण जेटली की बेटी की फर्म पर क्यों नहीं की गई?
उल्लेखनीय है कि कि पीएनबी घोटाले में हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उनके रिश्तेदार मेहुल चोकसी मुख्य आरोपी हैं। दोनों पर लेटर आफ अंडरस्टैंडिंग (एलओयू) के जरिए बैंक को 12700 करोड़ रुपए का चूना लगाने का आरोप है। दोनों देश से बाहर हैं। सीबीआई के लगातार समन जारी करने के बावजूद भी कोई पूछताछ में सहयोग करने को तैयार नहीं है। दोनों ने अपने-अपने कारणों को गिनाकर पूछताछ में शामिल होने से साफ तौर पर मना कर दिया था।
राहुल गांधी नीरव मोदी घोटाले के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार पर लगातार आक्रामक हैं। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप रहेंगे, क्योंकि वह खुद ही भ्रष्टाचार में शामिल हैं। नीरव मोदी मामले पर संसद में विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है। कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष की मांग है कि इस मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बयान दें। इस बीच सरकार ने लोकसभा में आर्थिक भगोड़ों पर सख्ती के बिल को पेश कर दिया है।
