दीनदयाल जी को समझकर जीवन का मार्ग प्रशस्त करेंगे युवा: तोमर
X
युवा मोर्चा की राष्ट्र चिंतक पं. दीनदयाल उपाध्याय अंतर्राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित
ग्वालियर, न.सं.। भारतीय जनता युवा मोर्चा का यह उपक्रम और सामान्य ज्ञान प्रतिस्पर्धा युवाओं को दीनदयाल जी के निकट लाने में सफल होगी। जब बच्चे इस प्रतिस्पर्धा के माध्यम से दीनदयाल जी को समझकर अपने जीवन का मार्ग प्रशस्त करेंगे तो निश्चित रूप से आने वाले कल में वे देश के अच्छे नागरिक के रूप में राष्ट्र के उज्जवल भविष्य का निर्माण करेंगे।
यह बात केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मंगलवार को रेलवे हॉकी स्टेडियम पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता ‘मेरे दीनदयाल’ के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। श्री तोमर ने कहा कि पं. दीनदयाल जी एक आदर्श नेता ही नहीं बल्कि मौलिक चिंतक भी थे। वे आदर्श कार्यकर्ता भी थे और आदर्श नागरिक देश के लिए कैसे जिया जा सकता है ये दीनदयाल जी से सीखने को आम लोगों को मिल सकता है। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित की गई इस अंतर्राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय का जीवन आम लोगों के निकट होगा। युवा दीनदयाल जी को समझने, उनके निकट पहुंचने का प्रयास करेंगे। इसके लिए मैं युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को बधाई देता हूं।
विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने प्रतियोगिता में शामिल होने आए बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय भारत की भूमि पर एक अवतार थे। उनका जीवन कष्टमय रहा, लेकिन जो विलक्षण व्यक्तित्व होते हैं, जिनको भारत माता की सेवा करना होती है, जो युग दृष्टा होते हैं, वे आज से हजारों साल आगे की सोचते हैं, वे अपने पथ पर चलते हैं, वे डगमगाते नहीं हैं। पं. दीनदयाल जी उपाध्याय ने अंत्योदय का नारा देकर सैकड़ों वर्ष पहले इस बात को चरितार्थ किया था। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने प. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वेदप्रकाश शर्मा, जिला महामंत्री शरद गौतम, महेश उमरैया, कमल माखीजानी, उमाशंकर पचौरी, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुदीप भदौरिया, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह चौहान, जिला महामंत्री हरीश यादव, गिर्राज व्यास, प्रयाग तोमर आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में गोला का मंदिर क्षेत्र में स्थित इन्द्रप्रस्थ गार्डन में भी राष्ट्र चिंतक पं. दीनदयाल उपाध्याय अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर उपस्थित थे।
परिणाम सात दिन बाद:- अंतर्राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता मेरे दीनदयाल का परीक्षा परिणाम सात दिवस के बाद घोषित होगा। सात दिवस में युवा मोर्चा गुप्त तरीके से विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के शिक्षकों से इन कॉपियों को चैक कराएंगे।