Home > Archived > युवक को पीटा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेरा थाना

युवक को पीटा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेरा थाना

-जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ विवाद
-महिला सहित दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज
-शिवपुरी में हरिसिंह से चल रहा है विवाद, पुलिस के पास नहीं पहुंचा अमरसिंह
ग्वालियर। एक बीघा से ज्यादा जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक की रास्ता रोककर मारपीट कर दी गई। मारपीट का शिकार बने युवक की रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कायमी कर ली।

गोले का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित नारायण विहार कॉलोनी में उपेन्द्र सिंह जादौन की एक बीघा से ज्यादा जमीन है। उक्त जमीन पर पृथ्वीराज भदौरिया भी अपना कब्जा जता रहा है। उपेन्द्र का पार्टनर हरिओम उर्फ बॉबी राजपूत गुरुवार शाम को जमीन देखने के लिए गया था तभी उसका पृथ्वीराज व सुमन सिसौदिया ने रास्ता रोक लिया और जमकर मारपीट कर दी। इसके बाद बॉबी आपबीती सुनाने पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया। मारपीट की सूचना मिलते ही बॉबी की तरफ से छोटू तोमर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बॉबी की रिपोर्ट पर पृथ्वीराज और सुमन के खिलाफ कायमी कर ली है।

अमरसिंह ने फैलाई थी अपहरण की झूठी अफवाह

बीते बुधवार को देर रात बदमाशों द्वारा अपहरण किए जाने की सूचना देने वाले अमरसिंह ने झूठी अफवाह फैलाकर पुलिस को गुमराह किया था। अमरसिंह का हरिसिंह से विवाद के चलते शिवपुरी में प्रकरण चल रहा है। पुलिस फोन करने वाले का गुरुवार को दिन भर इंतजार करती रही, लेकिन वह नहीं आया।

मूलत: ग्राम एरांया (आंतरी) के रहने वाले अमरसिंह ने बुधवार रात को पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन करके यह बताया था उसका हरिसिंह और उसके साथियों ने अपहरण कर बंधक बना लिया है। बंधक बनाने वालों से मेरी जान को खतरा है। अपहरण की खबर मिलते ही सिंधिया नगर पहाड़ी महलगांव को पुलिस छावनी बना दिया गया। पुलिस ने घर-घर में दस्तक देकर अमरसिंह की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा और उसके मोबाइल का स्विच आॅफ हो गया था। इसके बाद पुलिस गुरुवार को सुबह हरिसिंह के घर पहुंच गई और उससे पूछताछ की तो सच्चाई का पता चला। हरिसिंह ने अमरसिंह के खिलाफ शिवपुरी में प्रकरण दर्ज करा रखा है। मामला न्यायालय में चल रहा है। पुलिस ने अमरसिंह से सम्पर्क किया तो उसने बताया कि उसने झूठ बोला था। उसका कोई अपहरण नहीं हुआ था। पुलिस ने अमरसिंह को बुलाया, लेकिन वह आने का आश्वासन देता रहा।

गोली लगने से युवक घायल, निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस को नहीं खबर

कम्पू थाना क्षेत्र में गोली लगने से युवक घायल हो गया। गोली उसे गुप्तांग में लगी है। देर रात खबर लिखे जाने तक पुलिस को घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। युवक को गोली किसने मारी या किन परिस्थितियों में लगी है। अभी पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार गुढ़ी-गुढ़ा का नाका पर रहने वाले पुल्ले तोमर गुप्तांग में गोली लगने से घायल हो गया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के संबंध में कम्पू और माधौगंज थाना पुलिस से पता लगाने का प्रयास किया तो किसी को भी जानकारी नहीं थी, जबकि घायल युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

Updated : 22 Sep 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top