Home > Archived > यमुना से गंगा का मिलन कराएगी उप्र सरकार

यमुना से गंगा का मिलन कराएगी उप्र सरकार

-जिले में पेयजल संकट समाप्ति के प्रति गंभीर दिखे मुख्यमंत्री
-गंगाजल प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की तैयारी

आगरा। वर्षो से मलजल के प्रवाह के साथ अपने अस्तित्व से जूझ रही पवित्र यमुना नदी को स्वच्छ व उसके जल संकट को दूर कर शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के प्रति वर्तमान उप्र सरकार गंभीर नजर आ रही है। इसकी झलक उप्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार आगरा आए महंत आदित्यनाथ के यमुना किनारे बिताए घंटेभर के समय के दौरान स्पष्ट दिखाई दी। यमुना में मिलने वाले नालों व नदी की तलहटी को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा में पेयजल का संकट है। सरकार गंगाजल परियोजना के माध्यम से और आवश्कता पड़ी तो चंबल से भी पानी लाकर जिले के पेयजल संकट को समाप्त किया जाएगा।

सबसे पहले पहुंचे एसएन मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का विमान रविवार को खेरिया हवाई अड्डे पर सुबह करीब 11 बजे पर उतरा और 11.50 सबसे पहले मुख्यमंत्री एसएन मेडीकल कॉलेज पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि पहले सफाई जरूरी है। उसके बाद और काम करें। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसएन की प्राचार्य डॉ. सरोज सिंह को उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि मरीजों की देखभाल में कोई कोताही न बरती जाए।

रबर डैम परियोजना जल्द
पैदल ताज यमुना कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री महंत आदित्यनाथ ने यमुना नदी के जल स्तर को बढ़ाने के लिए सिंचाई विभाग की 281 करोड़ रुपए की रबर डैम परियोजना को शीघ्रता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आगरा के सिविल टर्मिनल की बकाया राशि ६४ करोड़ शीघ्र जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इसके अलावा तीन नए सीवरेज ट्रीटमेण्ट प्लाण्ट (एसटीपी) स्थापित करने के निर्देश भी दिए। यमुना में सीधे गिरने वाले नालों को रोक कर उनके पानी का शोधन करके ही यमुना में डालने के लिए भी निर्देश दिए।

ताज के पीले रंग की चिंता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताजमहल का रंग पीला पडऩे पर चिंता जताते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजमहल के आसपास के क्षेत्र के विकास के साथ ही, ताजमहल को सुरक्षित रखने के मानकों का पालन कराया जाए। इस दौरान इस मौके पर पशुधन मंत्री एसपी सिंह बघेल, ग्राम विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेन्द्र सिंह, सांसद राम शंकर कठेरिया, बाबूलाल चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

दौरे के दौरान अस्पताल में बच्चे की मौत
जब मुख्यमंत्री एसएन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर रहे थे तब फिरोजाबाद निवासी एक बालक का पिता नीटू एसएन के बाल रोग विभाग के गेट को पीट रहा था, उसका एक दिन का बेटा अंदर आईसीयू में भर्ती था। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के चलते स्टाफ ने नीटू सहित अन्य तीमारदार को बाहर निकाल दिया था। एक घंटे बाद गेट खुला वह दौड़ता हुआ आईसीयू पहुंचा तो पता चला कि नवजात की मौत हो चुकी है। नीटू फूट फूट कर रोने लगा।

-भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
-विधायक योगेंद्र व रामप्रताप ने दी पेयजल संकट की जानकारी

ताजनगरी आगमन पर मुख्यमंत्री महंत आदित्यनाथ का भाजपा ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष बीएल वर्मा, सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया, सांसद चौ. बाबूलाल, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, राजकुमार चाहर, विजयदत्त पालीवाल व सभी भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। वहीं महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने मुख्यमंत्री महंत आदित्यनाथ को शहर के विकास के लिए ग्यारह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिसमें स्वच्छता, पेयजल, नगरी विकास, गौशाला, पर्यावरण, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शहरभर की मांगें शामिल थीं। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, विजयदत्त पालीवाल, गामा दुबे, रामशंकर गोयल, महानगर महामंत्री अश्वनी वशिष्ठ, भानु महाजन, अशोक पिप्पल, अपर्णा सिंह, संजीव चौबे, जितेन्द्र भारद्वाज, अभिषेक गुप्ता, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, अशफाक सैफी, दिनेश अगरिया, बॉबी वर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Updated : 8 May 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top