Home > Archived > राजस्थान से आर्इं गर्म हवाओं का असर, दूसरी बार 46 के करीब पहुंचा पारा

राजस्थान से आर्इं गर्म हवाओं का असर, दूसरी बार 46 के करीब पहुंचा पारा

राजस्थान से आर्इं गर्म हवाओं का असर, दूसरी बार 46 के करीब पहुंचा पारा
X

ग्वालियर| ग्वालियर व चम्बल अंचल में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप निरंतर बढ़ता जा रहा है। सूरज की बढ़ती तपन के साथ राजस्थान की ओर से आ रहीं गर्म हवाओं के असर से रविवार को पारा एक बार फिर 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

रविवार को मौसम शुष्क रहने से सुबह से ही सूरज के तेवर काफी गर्म नजर आए। दोपहर में सूरज के तेवर और ज्यादा उग्र हो गए। इसके साथ ही करीब चार से आठ कि.मी. प्रति घण्टे की गति से उत्तर पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। राजस्थान की ओर से आर्इं इन गर्म हवाओं ने आग में घी का काम किया तो भीषण लू की स्थिति निर्मित हो गई। लू का असर शाम करीब पांच बजे तक नजर आया। हालत यह थी कि दोपहर में धूप के रूप में आसमान से आग बरसती रही। इस दौरान जो लोग घरों से बाहर निकले, उन्हें धूप और गर्म हवाएं झुलसाती रहीं। धूप से बचने के लिए लोगों को अपना सिर कपड़े से ढंकना पड़ा।

मौसम के जानकार बता रहे हैं कि राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और वहां से गर्म हवाएं ग्वालियर व चम्बल अंचल की ओर आ रही हैं। इसके अलावा मौसम शुष्क रहने से स्थानीय स्तर पर भी जबरदस्त हीटिंग हो रही है। इसी वजह से ग्वालियर व चम्बल अंचल में भी गर्मी चरम पर है और फिलहाल इससे राहत की उम्मीद भी नहीं है बल्कि पारा और ऊपर जा सकता है।

रात में भी राहत नहीं
दिन में सूरज के उग्र तेवरों के चलते धरती तप रही है। इस कारण रात में भी गर्मी से राहत नहीं है। रात में गर्मी से बचने के लिए लोग कूलर के साथ पंखा का भी उपयोग कर रहे हैं, लेकिन फिर भी गर्मी पसीना छुड़ा रही है। ऐसे में उन लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं, जिनके सिर पर न तो छत है और न ही गर्मी से बचने के लिए कूलर व पंखा जैसे कोई साधन हैं। बेघर लोग पेड़ों की छांव में पड़े रहकर गर्मी से बचने का प्रयास करते देखे जा रहे हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार रविवार को गतरोज की तुलना में अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 45.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो औसत से 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस मौसम में यह दूसरा मौका है, जब तापमान इतनी ऊंचाई पर पहुंचा है। इससे पहले सात मई को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार सुबह हवा में नमी 35 फीसदी दर्ज की गई, जो सामान्य है, जबकि शाम को हवा में नमी घटकर 21 फीसदी रह गई, जो सामान्य से मात्र एक फीसदी अधिक है।

Updated : 15 May 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top