पाक की बर्बरता: सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा - जेटली

रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि पाकिस्तान द्वारा दो भारतीय सैनिकों के शवों को क्षत विक्षत करना एक बर्बरतापूर्ण कृत्य है तथा सशस्त्र बल इसकी समुचित प्रतिक्रिया करेंगे। तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि इस तरह के हमले तो युद्ध में भी नहीं होते तथा समूचे देश को सशस्त्र बलों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा, सैनिकों के शवों को क्षत विक्षत किया जाना बर्बरतापूर्ण कृत्य का भीषण स्वरूप है। भारत सरकार इस कत्य की कड़ी भर्त्सना करती है। पूरे देश को हमारे सशस्त्र बलों पर पूरा विश्वास है तथा वे इस कृत्य पर समुचित प्रतिक्रिया करेंगे।
रक्षा मंत्री जेटली ने कहा कि सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निंदनीय एवं अमानुषिक कृत्य है। इस प्रकार के हमले युद्ध में भी नहीं होते।
मोदी सरकार और राजनीतिक दलों ने जम्मू कश्मीर में दो भारतीय सैनिकों का सिर धड़ से अलग किए जाने को लेकर आज पाकिस्तान की आलोचना की। वहीं, भाजपा के एक सांसद ने पाकिस्तानी सेना से इसी तरह का सलूक करने पर जोर दिया।
भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह ने जैसे को तैसा वाला जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि पाकिस्तान सिर्फ एक भाषा समझता है और इसलिए हमें और अधिक पाकिस्तानी सैनिकों को मार डालने और उनके साथ वैसा ही सलूक करने की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऐसी हरकत कर पाकिस्तान अपनी ही तबाही की ताबीर लिख रहा है।