प्रदेश में इंस्पेक्टर राज समाप्त हो: दिग्विजय

प्रदेश में इंस्पेक्टर राज समाप्त हो: दिग्विजय
X

ग्वालियर। मैं जब मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री था, तब मैंने प्रदेश से इंस्पेक्टर राज पूरी तरह समाप्त कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस प्रणाली को पुन: शुरू कर दिया है। भाजपा सरकार ने अधिकारियों को इतने ज्यादा अधिकार दे दिए हैं कि वह व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। यह बात शनिवार को ग्वालियर प्रवास पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने संवाददाताआें से चर्चा के दौरान कही।

श्री सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में धन-बल के जरिए अपनी सरकार बनाई है। यह प्रश्न पूछे जाने पर कि गोवा में सबसे बड़ा दल होने के बाद भी वहां कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई और इसके लिए आपको जिम्मेदार माना रहा है। इस पर श्री सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे पास सबसे ज्यादा विधायक थे। कुछ अन्य विधायकों से हमारी चर्चा चल रही थी, लेकिन भाजपा ने विधायकों को अपने पाले में ले लिया। यही स्थिति मणिपुर में भी हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गोवा के राज्यपाल को हटाने की मांग करती है। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री भगवान सिंह, अशोक सिंह एवं वासुदेव शर्मा मौजूद थे।

मुुझ पर दर्ज कराए जा रहे हैं वर्षों पुराने मामले
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझ पर 20 साल पुराने ऐसे मामले दर्ज कराए जा रहे हैं, जिनका कोई मतलब नहीं है। नोटबंदी के निर्णय को गलत ठहराते हुए श्री सिंह ने कहा कि इससे लोगों को कोई फायदा नहीं हुआ है। वहीं पूरे देश में 400 करोड़ के नकली नोट चलन में हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए भी भाजपा सरकार द्वारा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।

कांग्रेस की योजनाओं को अपना बता रही है भाजपा
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने नरेगा, जीएसटी और आधार का कार्य शुरू किया था तो भाजपा ने इसका पुरजोर विरोध किया था। अब भाजपा का शासन है तो कांग्रेस की सभी योजनाओं को भाजपा अपनी योजना बता रही है।

Next Story