धमाकों से हिला कैंट रेलवे स्टेशन और सराय ख्वाजा
पुलिस प्रशासन के फूले हाथ पांव, अधिकारियों ने पहुंचकर लिया जायजा
आगरा| कैंट क्षेत्र में शनिवार सुबह दो धमाके हुए, तो पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। मौके पर बीडीएस और फोरेंसिक टीमें पहुंचीं और जांच पड़ताल शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आधा किलोमीटर दूर स्थित मस्जिद के लोग भी धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
ख्वाजा की सराय में अशोक कुमार का मकान है। अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह उनका परिवार घर पर था। इसी दौरान एक तेज आवाज हुई। उनके घर की छत पर टीनशेड में बड़ा सा छेद हो गया और धुआं ही धुआं चारों ओर फैल गया। इसके बाद पास में ही कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी, कि काफी दूर स्थित एक मस्जिद के लोग भी वहां पहुंच गए। धमाकों की खबर के बाद पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। डीआईजी महेश मिश्र मौके पर पहुंच गए। उनके साथ बम डिस्पोजल स्कवाइड की टीम और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। घटना की जांच दोनों टीमों ने बारीकी से शुरू कर दी है। डीआईजी महेश मिश्र ने मीडिया को बताया कि दो धमाके हुए हैं, पहला धमाका अशोक कुमार के घर छत पर टीनशेड में हुआ है। यहां एक छेद हो गया। लेकिन धुआं बहुत उठा। वहीं दूसरा धमाका कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली के पास हुआ। उन्होंने कहा कि ट्रॉली का टायर पंक्चर हो गया। धमाके के बाद धुआं बहुत उठा है। डीआईजी ने इस घटना को शुक्रवार देर रात मांडई में हुई घटना से जोड़कर देखने से मना कर दिया। बता दें कि देर रात एक रेल गाड़ी के ट्रैक पर भारी पत्थर लगाकर उसे पलटने की कोशिश की गई थी। डीआईजी मिश्र ने कहा कि जांच की जा रही है।
आधे घंटे तक रुका रहा रेल यातायात
धमाकों के बाद कैंट स्टेशन पर शताब्दी, छत्तीसगढ़, पंजाब मेल, निजामुद्दीन-एरनाकुलम एक्सप्रेस पहुंचीं। इन ट्रेनों का यात्रियों को भी स्टेशन परिसर पर मची गहमा-गहमी का अंदाजा हो गया था। पूछताछ की तो उन्हें भी धमाकों के बारे में पता चला। अधिकांश यात्री जल्दी ही स्टेशन परिसर से बाहर चले गए। वहीं, धमाकों के बाद जीआरपी ने स्टेशन परिसर और बाहर, आरपीएफ ने आगरा कैंट आने वाली ट्रेनों के अंदर चेकिंग अभियान चलाया। तमाम यात्रियों के बैग चेक किए गए। श्वान दल ने भी काफी देर तक स्टेशन परिसर के अंदर चेकिंग की हालांकि इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु जवानों को नहीं मिली।
पहुंची पैलेस ऑफ व्हील्स, गतिमान
रेलवे के दो प्रमुख गाडिय़ां पैलेस ऑन व्हील्स और गतिमान एक्सप्रेस भी धमाकों के बाद कैंट स्टेशन पहुंचीं। गतिमान को प्लेटफॉर्म नंबर छह और पैलेस और व्हील्स को प्लेटफॉर्म नंबर चार पर खड़ा किया गया। पैलेस ऑन व्हील्स काफी देर तक स्टेशन पर खड़ी रही।
कैंट स्टेशन पर रही अफरा-तफरी
कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच के पास हुए दोनों धमाकों के बाद स्टेशन परिसर का माहौल अफरा-तफरी भरा रहा। सुबह यहां से गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों ने ट्रैक किनारे इतनी भीड़ देखी तो परेशान हो गए। सवालों की झड़ी लग गई। रेलवे की ओर से जानकारी भी दी गई कि घबराने की जरूरत नहीं है, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली, फिर भी उनके चेहरों पर दहशत ही दिखाई दे रही थी।