बिरलानगर स्टेशन का होगा कायाकल्प

तीन करोड़ 61 लाख की राशि से सजेगा अब यह स्टेशन
ग्वालियर| रेलवे को अब बिरला नगर स्टेशन को आदर्श स्टेशन बनाने की सुध आ गई है। रेलवे प्रबंधन ने स्टेशन की दशा सुधारने के लिए 3 करोड़ 61 लाख 17 हजार रूपए की राशि स्वीकृत कर दी है।
तीन फरवरी को ''स्वदेश'' ने बिरला नगर रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन बनाने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिस पर अब रेलवे ने बिरला नगर रेलवे स्टेशन पर कुछ निर्माण कार्य कराने की तैयारी कर ली है। स्टेशन पर निर्माण कार्यो को लेकर झांसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने मास्टर प्लान बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मास्टर प्लान के तैयार होते ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
गौरतलब है कि रेलवे के द्वारा ग्वालियर के बिरलानगर रेलवे स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाए जाने की घोषणा लगभग 2014 में की गई थी। जिसमें रेलवे यात्रियों को अच्छे खान-पान की सुविधा,स्टॉल खोलना आदि के निर्देश दिए गए थे, यहां तक कि यात्रियों के बैठने के लिए प्लेटफार्मों पर जगह-जगह कुर्सियां लगाने की बात भी कही थी। लेकिन अब रेलवे ने बिरला नगर स्टेशन की सुध लेते हुए यहां पर निर्माण कार्य करने का फैसला किया है।
ये होंगे विकास कार्य
- स्टेशन के दोनों तरफ प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा।
- बिरलानगर स्टेशन को पूरा कवर शेड बनाया जाएगा।
- रैंप वाला फुट ओवर ब्रिज तैयार होगा।
इनका कहना
‘‘बिरला नगर स्टेशन के विकास कार्यो के लिए कुछ राशि मंजूर हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। ’’
मनोज कुमार सिंह
पीआरओ झांसी मंडल