प्रदेश में भाजपा बनायेगी अगली सरकार : उमा भारती

झांसी। क्षेत्रीय सांसद व केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा है कि उत्तरप्रदेश में भले ही कांगे्रस और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन किया है, लेकिन प्रदेश में भाजपा ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत की साख बनाई है। उन्होंने यह बात मुक्ता काशी मंच आयोजित भाजपा की नामांकन सभा के दौरान व्यक्त किए। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों ने हजारों समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन किया।
मुक्ताकाशी मंच पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद व केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दो दलों ने गठबंधन किया है, लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत की साख बढ़ाई है। अब उन्हीं के निर्देशन में भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ रही है और प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया। उत्साहित भाजपा के समर्थकों ने नरेन्द्र मोदी, उमा भारती जिन्दाबाद के जोरदार नारे लगाये। गले में भगवा पट्टी डाले कार्यकर्ताओं के सैलाब से माहौल भाजपामय दिखाई दिया।
बृजेन्द्र व्यास के भतीजे सहित कई भाजपा में शामिल
गरौठा के पूर्व बसपा विधायक बृजेन्द्र व्यास डमडम महाराज के भतीजे निकुल व्यास ने बसपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके साथ ही नगर निगम के वार्ड 2 के सपा पार्षद राजाराम यादव, कांग्रेस की जिला संगठन मंत्री कुसुम रायकवार, जिला पंचायत सदस्य विष्णु राय, सपा से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीरा राय, दीनदयाल कुशवाहा फौजी, बसपा से गजराज सिंह, चंदनसिंह, रीतेश सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।