यूपी के भाग्य बदलने का है ये चुनाव: अमित शाह

यूपी के भाग्य बदलने का है ये चुनाव: अमित शाह

मथुरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को यहां विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित चुनावी सभा में एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबन्धन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को लूटने वाले अब यूपी को लूटने आये हैं। उन्होंने राहुल और अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों शहजादे यूपी का भला नहीं कर सकते। एक शहजादे से मां परेशान है तो दूसरे से बाप परेशान है। ये गठबंधन करके जनता की आंखों में धूल झोंकना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये चुनाव न विधायक चुनने का है, न मुख्यमंत्री चुनने का है ये चुनाव यूपी के भाग्य बदलने का है। उन्होंने जनता से प्रदेश के विकास के नाम पर भाजपा को वोट देने की अपील की और कहा कि आप युवाओं के रोजगार के लिए वोट करें, पशुधन के लिए वोट करें, महिलाओं की सुरक्षा के लिए वोट करें। शाह ने कहा कि केन्द्र सरकार आपने बनाई, अब यूपी में भाजपा की सरकार बना दीजिए फिर देखिए यूपी का विकास कैसे नहीं होता है।

भाजपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव सरकार पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हुए कहा कि ढाई साल में मोदी जी ने ढाई लाख करोड़ दिया लेकिन वो पैसा अब तक आपके पास नहीं पहुंचा। उत्तर प्रदेश में अच्छे दिन अखिलेश जब जाएंगे तब आएंगे, अखिलेश आपने यूपी वालों के अच्छे दिन को रोक रखा है। सपा पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा के गुण्डों ने जमीनें हथिया ली है। रामवृक्ष के पीछे समाजवादी पार्टी का हाथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित सभी राज्य विकास के पथ पर चल रहे हैं और यहां पूरा उत्तर प्रदेश विकास से महरूम है। भाजपा सरकार बनते ही सारी जमीनें वापस आएंगी और भूमाफिया प्रदेश से बाहर होंगे। उन्होंने सियासी दलों के चन्दे को लेकर केन्द्र सरकार के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि चन्दा हमें भी चाहिए लेकिन मोदी जी ने फैसला किया है कि अब 2 हजार से ज्यादा चंदा कैश में नहीं दे पाएंगे। शाह ने कहा कि यमुना को देखकर हमारा दिल रो पड़ता है। भाजपा की सरकार बनी तो अगली भैया दूज पर आप यमुना का आचमन कर पाएंगे, ये हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि हमने सभी गरीब के घरों में गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया।

वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश को 5 साल के शासन का हिसाब देना चाहिए, हमने ढाई साल के शासन का हिसाब दिया। उन्होंने केन्द्र सरकार में सेना का मनोबल बढ़ने का हवाला देते हुए कहा कि उरी पर हमला किया तो हमने अदंर घुसकर उन्हें ठोका, क्योंकि केंद्र में कांग्रेस नहीं मोदी की सरकार है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सरकार में गोलियां चलती थी तो 'पाकिस्तान शुरू करता था और अंत भी', लेकिन अब शुरू पाकिस्तान करता है, लेकिन अंत हिंदुस्तान की सेना करती है। शाह ने कहा कि राहुल जी ने पूछा हमने क्या किया, हमने सबसे पहले बोलने वाला पीएम दिया। राहुल को फर्क नहीं दिखता क्योंकि उनकी आंखों पर इटालियन चश्मा लगा हुआ है। उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनेगी तो बिना धर्म-जाति के आधार पर 1 जीबी डेटा के साथ लैपटॉप मुफ्त मिलेगा।

अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो किसानों के धान को समर्थन मूल्य के साथ खरीदा जाएगा। इसके साथ ही भाजपा सरकार बनने पर छोटे और सीमांत किसानों के ऋण माफ कर दिए जाएंगे। किसानों को बिना ब्याज ऋण दिया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहले नौकरी से इंटरव्यू को खत्म कर दिया जाएगा और बिना जाति-धर्म पूछे नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में नौकरी के लिए वैकेंसी होती है तो आपको नौकरी नहीं मिलेगी. क्योंकि यहां धर्म, जाति और पैसों के आधार पर नौकरी दी जाती है। शाह ने कहा कि अखिलेश के राज में यूपी में पलायन होता है लेकिन उनकी आंखों पर वोट बैंक का चश्मा लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि वहीं भाजपा की सरकार बनने के बाद यूपी के सारे यांत्रिक कत्लखाने बंद हो जाएंगे, किसानों के पशुधन को सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून का राज होगा, बिना जाति-धर्म के आधार पर मुकदमा लिखा जाएगा।

Next Story