Home > Archived > राजकुमार पथिक भाजपा से निष्कासित

राजकुमार पथिक भाजपा से निष्कासित

आगरा। क्षेत्रीय संगठन मंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया में पोस्ट करना जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार पथिक पर भारी पड़ा। पद से हटाने के बाद पार्टी नेतृत्व ने अब उन्हें संगठन से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।

मेयर इंद्रजीत आर्य ने हाल ही में भाजपा में घरवापसी की है। मेयर के पार्टी में दोबारा आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर विरोध जताया जा रहा था। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी ने भी इसी तरह की पोस्ट की थी। क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह ने उन्हें फोन किया था। पथिक ने इसके बाद मंगलवार को फेसबुक पर पोस्ट कर क्षेत्रीय संगठन मंत्री पर हडक़ाने और पोस्ट गलत होने की बात कहने का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्होंने लगातार पोस्ट कर क्षेत्रीय संगठन मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने लिखा था कि माना हम मोदी भक्त हैं, लेकिन तुम्हारे गुलाम नहीं भवानी सिंह..। उन्होंने भवानी सिंह के सक्षम होने और पद से हटवाने की पोस्ट भी की थी। बुधवार को जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने उन्हें पद से हटा दिया था, जबकि पथिक ने स्वयं के इस्तीफा देने की बात कही थी। शुक्रवार को पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

पथिक पर इससे पूर्व भी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ पोस्ट करने पर कार्रवाई की गई थी। तब उन्हें महानगर मीडिया प्रभारी पद से हटाया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने बताया कि क्षेत्रीय संगठन मंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया में पोस्ट कर पथिक ने अनुशासन तोड़ा है। संगठन ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया है।

Updated : 25 Feb 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top