पुलिस बल की कमी से शहर की यातायात व्यवस्था ठप

मथुरा। सुबह-दोपहर और शाम, शहर में जाम ही जाम, वाहनों की चिल्ल-पों। एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़। कोई नियम न कायदा। शहर में इन दिनों यातायात का कुछ ऐसा ही हाल दिख रहा है। चुनावी सीजन के चलते शहर में यातायात पुलिस का टोटा क्या हुए, पूरे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। दिन में दर्जनों बार जाम लग रहा है।

यूं तो शहर का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, जो जाम की समस्या से अछूता रहा हो? मगर इन दिनों शहर का हृदय स्थल होलीगेट जाम की समस्या से बुरी तरह ग्रस्त है। जाम की समस्या प्रात: से लेकर दोपहर तक अनवरत बनी रहती है। सुबह यहां से स्कूली बसें बच्चों को स्कूल ले जाती है, यह बसें यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ देती है। दोपहर में भी यह बसें जब वापिस लौटती है तो शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है। एक बार जाम लगा तो फिर फंसे के फंसे ही रह गए। इसमें बेतरतीब खडे वाहन, ढकेल-खोमचे वाले कोढ में खाज की स्थिति उत्पन्न कर जाते हैं। रही-सही कसर वाया जमुनापार होकर राया से शहर में आने वाले एक्सप्रेस-वे के वाहन पूरी कर देते हैं।

हालात यह हो जाते हैं कि वाहनों का रैला और चिल्ल-पौ का शोर ही सुनाई देता है। शहर की व्यवस्था को सुधारने के लिए कई भागीरथी प्रयास हो चुके हैं। परंतु इस समय बिगड़ी व्यवस्था का मुख्य कारण, यहां पुलिस कर्मियों का अभाव होना है। पहले तो यहां यातायात पुलिस पिकेट के अलावा नागरिक पुलिस के भी सिपाही खडे रहते थे, मगर अब चुनाव में ड्यूटी लगने से वह भी नदारद हो गए हैं। होलीगेट के बाद भरतपुर गेट व आर्य समाज रोड भी जाम की भेंट चढ़े हुए हैं। भरतपुर गेट जाने वाले मार्ग पर अस्थाई सब्जी मंडी व अतिक्रमण के वजह से यहां स्थिति बेहद खराब है, यही हाल आर्य समाज रोड का है, यहां ठेल-खोमचे वालों व वाहन चालकों ने स्थिति बिगाड रखी है। इसके अतिरिक्त आगरा-मथुरा रोड पर जाम की समस्या विकराल यहां है, रंगेश्वर से लेकर बस स्टैंड तक बार-बार जाम लगता है।

Next Story