Home > Archived > जातिवाद, वंशवाद के खिलाफ भाजपा को मिला जनादेश: अमित शाह

जातिवाद, वंशवाद के खिलाफ भाजपा को मिला जनादेश: अमित शाह

जातिवाद, वंशवाद के खिलाफ भाजपा को मिला जनादेश: अमित शाह
X

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में मिली सफलता को जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीत बताया है। गुजरात ने ओछी और जातिवाद की राजनीति के प्रयास को विफल किया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश व गुजरात में मिली सफलता को 70 साल बाद लोकतंत्र में बड़ा बदलाव करार दिया।

अमित शाह ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि कांग्रेस इतने निचले स्तर का प्रचार करेगी। जिस तरह से चुनाव जीतने के लिए जातिवाद को भड़काया गया और प्रधानमंत्री के लिए ओछे शब्दों का इस्तेमाल किया गया इससे ज्यादा नीचा प्रचार उन्होंने अपने राजनैतिक जीवन में अब तक नहीं देखा। शाह ने कहा कि मुद्दा भटकाने के कारण कांग्रेस की हार हुई है। अमित शाह ने कहा कि भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है और हमने गुजरात में आराम से जीत हासिल की है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि 2019 में प्रधानमंत्री देश का नेतृत्व करेंगे और हम 2022 के लिए प्रधानमंत्री का न्यू इंडिया का सपना पूरा करेंगे।

मुद्दा भटकाने से कांग्रेस की हार हुई है और गुजरात में शक्ति सिंह गोहिल, अर्जुन मोढवाडिया समेत कांग्रेस के सभी बड़े नेता हारे हैं। शाह ने कहा कि गुजरात में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय नेतृत्व और केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों में जनता के अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, प्रदेश अध्यक्ष जीतू भाई बघानी को इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुजरात के विकास में अपना विश्वास निरंतर बनाए रखने के लिए गुजरात की जनता का कोटि-कोटि अभिनंदन।

शाह ने हिमाचल में मिली सफलता के लिए वहां की जनता का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकास नीतियों में हिमाचल की जनता ने विश्वास प्रकट कर भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। इस जीत पर उन्होंने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को बधाई दी।हिमाचल प्रदेश में दो तिहाई से भाजपा की सरकार बन रही है। भाजपा को 10 फीसदी ज्यादा मत मिल हैं। केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के बाद भाजपा ने हर चुनाव में सफलता हासिल की है।

शाह ने कहा कि 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनने के बाद भाजपा ने हर चुनाव में जीत हासिल की है। आज देश में 14 राज्यों में भाजपा की सरकार है और 5 में राजग की सरकार है।

Updated : 18 Dec 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top