फ्लेक्सी फेयर से सस्ता भी मिल सकेगा रेल टिकट

नई दिल्ली। रेल मंत्रालय गतिशील किराया (डायनेमिक या फ्लेक्सी) की समीक्षा कर रहा है। इसमें कुछ बदलावों पर चर्चा हो रही है इससे शताब्दी, राजधानी और दुरंतो जैसी विशिष्ट रेलगाड़ियों के यात्रियों को फ्लेक्सी फेयर के तहत सस्ता भी टिकट उपलब्ध हो सकेगा।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संपर्क, समन्वय और संवाद पर आधारित रेल अधिकारियों के सम्मेलन में आज यात्री सुरक्षा, समय पालन, यात्री सुविधा, ट्रेनों की गति बढ़ाने और डायनेमिक प्राइसिंग आदि में बदलाव पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हवाई जहाज की तर्ज पर रेलवे भी इस सुविधा में सस्ते टिकट का लाभ यात्रियों को देना चाहता है। इसके लिए ऑफ सीजन या फिर ट्रेन की सीटें खाली रहने पर सस्ते टिकट देने पर विचार किया जा रहा है।
रेलवे ने गत वर्ष ही फ्लैक्सी फेयर योजना लागू की थी। इसमें टिकट बिकने के अनुपात में किराया बढ़ता है जो कि यात्रियों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है। इसी के मद्दे नजर रेल मंत्रालय अब इसमें कुछ बदलाव की बात कर रहा है। पीयूष गोयल ने कहा कि रेलवे का नए साल में बड़े ढांचागत बदलाव कर यात्रियों को सुखद और सुरक्षित यात्रा देने पर विशेष जोर रहेगा। ट्रेनों में महिलाओं एवं बच्चों के साथ होने वाले अपराध खासकर मानव तस्करी पर अंकुश के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए देश के तमाम स्टेशनों को सीसीटीवी कैमरे से जोड़ने पर काम चल रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि जहां तक सुरक्षा का सवाल है, हम इसके बारे में विचारशील हैं। हम ट्रेनों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और सीसीटीवी उपलब्ध कराने की सोच रहे हैं। सम्मेलन में भी देशभर में सभी ट्रेनों पर सीसीटीवी उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि 'विजन फॉर न्यू रेलवे-न्यू इंडिया 2022' विषय पर आयोजित विशेष सम्मेलन में देश भर के 250 से अधिक रेल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। दिन भर के इस सम्मेलन में एक सत्र को सोनम वांगचुक ने भी संबोधित किया। फुंसुक वांगड़ू के नाम से विख्यात सोनम वांगचुक पर बॉलीवुड में थ्री इडियट फिल्म भी बन चुकी है।