Home > Archived > भाजपा मनाएगी आज काला धन विरोधी दिवस

भाजपा मनाएगी आज काला धन विरोधी दिवस

भाजपा मनाएगी आज काला धन विरोधी दिवस
X

ग्वालियर/ विशेष प्रतिनिधि। देश में नोटबंदी के एक साल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार 8 नवम्बर को कालाधन विरोध दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भाजपा मोर्चा, प्रकोष्ठ द्वारा अलग-अलग स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और काला धन का पुतला फूंका जाएगा। यह जानकारी पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि नोटबंदी से देश में करदाताओं की संख्या बढ़ी है, जांच के दौरान 23.22 लाख खातों में लगभग 3.68 लाख करोड़ संदिग्ध राशि जमा हुई, 16 हजार करोड़ रुपए बैंको में वापस नहीं आए। इस दौरान 29213 करोड़ रुपए की अघोषित आय का पता चला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नोटबंदी के अभूतपूर्व फैसले से कालेधन पर अंकुश लगा है।

उन्होंने कहा कि 8 नवम्बर को सुबह 11 बजे के आरजी कॉलेज पर महिला मोर्चा द्वारा हस्ताक्षर अभियान, युवा मोर्चा द्वारा थाटीपुर चौराहे पर दोपहर 12 बजे पुतला दहन, पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा पिंटो पार्क चौराहे पर दोपहर 12 बजे हस्ताक्षर अभियान एवं पुतला दहन, किसान मोर्चा द्वारा हजीरा चौराहे पर सायं 4 बजे नुक्कड़ सभा, अनुसूचित मोर्चा द्वारा शिंदे की छावनी पर दोपहर 2 बजे हस्ताक्षर अभियान एवं पुतला दहन, अनुसूचित जनजाति मछुआ प्रकोष्ठ द्वारा दोपहर 12 बजे किला गेट पर हस्ताक्षर अभियान एवं पुतला दहन होगा। इसी तरह अल्पसंख्यक मोर्चा सायं 4 बजे गुड़ा तिराहे पर और भगत सिंह मण्डल मुरार द्वारा सब्जी मण्डी चौराहे पर सायं 5 बजे नुक्कड़ सभा एवं हस्ताक्षर अभियान चलाएगा। नौ नवम्बर को व्यापारी प्रकोष्ठ द्वारा दोपहर 2 बजे नया बाजार चौराहे पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 51 हजार हस्ताक्षर कराकर वरिष्ठ पदाधिकारियों को सूची सौंपी जाएगी। पत्रकारवार्ता में महामंत्री कमल माखीजानी, शरद गौतम, महेश उमरैया, आशीष अग्रवाल, सुबोध दुबे एवं पवन सेन भी मौजूद थे।

नोटबंदी के खिलाफ सिंधिया की सभा आज

नोटबंदी के खिलाफ कांगे्रस की जनाक्रोश सभा 8 नवम्बर को दोपहर 12 बजे हेमू कॉलानी चौराहे पर आयोजित की गई है। जिसे कांगे्रस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सम्बोधित करेंगे। शहर जिला कांगे्रस कार्यक्रम अभियान समिति के संयोजक रमेश अग्रवाल ने बताया कि सभा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंच आदि बनकर तैयार है। सभा के लिए जगह-जगह होर्डिंग, पोस्टर बेनर आदि लगाए गए हैं, और समूचे शहर में जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम सफल बुलाने आमंत्रित किया गया है। श्री सिंधिया सुबह 9:30 बजे शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर आएंगे और जयविलास में रुकने के बाद दोपहर 12 बजे सभा को संबोधित करेंगे। कांगे्रस नेता मोहन सिंह राठौर, विधायक इमरती देवी, लाखन सिंह, रामसेवक बाबूजी, अशोक सिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, सुनील शर्मा, रामवरन गुर्जर, राजकुमार शर्मा, लतीफ खां मल्लू , कृष्णराव दीक्षित, प्रमोद पाण्डे, हरिओम शर्मा आदि ने सभी से सभा को सफल बनाने का आग्रह किया है। वहीं महिला कांगे्रस अध्यक्ष कमलेश कौरव ने नोटबंदी की बरसी पर भाजपा के जश्न को गलत बताते हुए नोटबंदी और जी.एस.टी के दुष्परिणामों से महिलाओं को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचने की बात कही है।

नहीं होगा दीपावली मिलन:- कांगे्रस द्वारा 12 नवम्बर को उत्सव वाटिका में दीपावली मिलन समारोह आयोजित करने की घोषणा की थी, किन्तु पूर्व विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा एवं रामसिंह यादव के निधन के कारण विरोधी स्वर उठने पर श्री सिंधिया ने यह कार्यक्रम निरस्त कर दिया।

Updated : 8 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top