प्रधानमंत्री बोले - विकास करके चुकता करूंगा हिमाचल का कर्ज

प्रधानमंत्री बोले - विकास करके चुकता करूंगा हिमाचल का कर्ज
X

कुल्लू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कुल्लू में दिन की तीसरी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं हिमाचल में रहा हूं। हिमाचल में मुझ पर कर्ज है। उसे मैं ब्याज सहित चुकाऊंगा। कुल्लू में पीएम ने एक-एक कर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले केंद्र में भारी बहुमत के साथ सरकार बनी थी| अब हिमाचल की बारी है।

मोदी ने कहा कि हिमाचल में दल नहीं बल्कि जनता चुनाव लड़ रही है। मोदी ने वीरभद्र सरकार और उनके मंत्रियों पर निशाना साधा और कहा कि आज हालात ऐसी है कि पूरी कांग्रेस ही जमानत पर है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे चुनाव में कांग्रेस के सामने केवल एक सवाल है और वह जनता उनसे कर रही है कि भ्रष्टाचार कैसे आ गया|जब आजादी मिली तो भ्रष्टाचार नहीं था। देश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, सांप्रदायिकता कांग्रेस ने लाई और देश को तबाह किया। मोदी ने आज फिर दोहराया कि देवभूमि में दानववृत्ति को जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए मैदान खाली है और कांग्रेस कहीं नहीं दिखाई दे रही है। कांग्रेस को सजा यहीं पर मिलेगी और सजा जनता देनी वाली है।

मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार को कांग्रेस से कोई अलग नहीं कर सकता। आज पूरी कांग्रेस जमानत पर है। सारे भ्रष्टाचार के आरोपों में जमानत पर चल रहे हैं। युवाओं को बचाने के लिए देश को भ्रष्टाचार से वाहर निकलना पड़ेगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को हिमाचल के चुनाव की चिंता नहीं है। कोई नेता हिमाचल नहीं आता है। चुनावों के समय कांग्रेस पार्टी 8 नवम्बर को देशभर में मोदी के पुतले जलाने वाली है। नोटबंदी के बाद तीन कमरों में चलने वाली एक ऐसी कंपनी सामने आई है जिसके 2100 खाते थे। पांच हजार कंपनियों में चार हजार करोड़ का घोटाला पाया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार हिमाचल में तीन चौथाई सरकार बनाने का अवसर है। पूरे विश्व में भारत की जय-जयकार हो रही है। यह दुनिया में भारत की जय-जयकार तीस साल बाद पूर्ण बहुमत वाली सरकार होने के कारण हो रहा है।

Next Story