Home > Archived > पीयूष गोयल ने कहा - हिमाचल में रेल परियोजनाओं को गति दे रही मोदी सरकार

पीयूष गोयल ने कहा - हिमाचल में रेल परियोजनाओं को गति दे रही मोदी सरकार

पीयूष गोयल ने कहा - हिमाचल में रेल परियोजनाओं को गति दे रही मोदी सरकार
X

*File Photo

शिमला। रेल मंत्री व भाजपा के स्टार प्रचारक पीयूष गोयल ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की रेल परियोजनाएं मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इस दिशा में काफी काम हुआ है।

चुनाव प्रचार के सिलसिले में शिमला पहुंचे पीयूष गोयल ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि हिमाचल में रेल नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार ने इस साल 512 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया है। जबकि यूपीए शासन में इन परियोजनाओं पर सालाना 108 करोड़ दिया जाता था।

उन्होंने कहा कि इस साल के बजट में 50 किलोमीटर लंबी उना-हमीरपुर रेल लाइन की घोषणा हुई है| इसे बनाने में 3040 करोड़ की लागत आएगी। चुनाव आचार संहिता हटते ही इस रेल लाइन की डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल के सेब को देश के बाजारों में पहुंचाने के लिए रेलवे परिवहन सुविधा प्रारंभ करने पर विचार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भ्रष्टाचार में संलिप्त होने से हिमाचल में विकास कार्य ठप पड़े हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जीरो टाॅलरेंस नीति पर काम करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कड़ी कार्रवाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी ने भ्रष्टाचार के मसले पर गंभीरता दिखलाई होती, तो आज वीरभद्र सिंह व उनका परिवार जमानत पर नहीं होता।

गोयल ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा महंगाई पर जारी आंकड़ों को झूठा करार देते हुए कहा कि देश में महंगाई को कम करने की दिशा में मोदी सरकार ने सकारात्मक कदम उठाए हैं। हालांकि सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी पर केंद्रीय मंत्री असहज दिखे और मीडिया के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

Updated : 5 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top