Home > Archived > प्रधानमंत्री बोले - हिमाचल को पांच दानवों से मुक्ति चाहिए

प्रधानमंत्री बोले - हिमाचल को पांच दानवों से मुक्ति चाहिए

प्रधानमंत्री बोले - हिमाचल को पांच दानवों से मुक्ति चाहिए
X


रैहन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कांगड़ा जिला के रैहन में भाजपा की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को पांच दानवों से मुक्ति चाहिए। उन्होंने कहा कि इन पांच राक्षसों को प्रदेश सरकार का संरक्षण हासिल है| शिमला में बैठी कांग्रेस सरकार को ये दानव अपने ईशारों पर नचा रहे हैं। ये पांच राक्षस खनन माफिया, ड्रग माफिया, वन माफिया, ट्रांसफर माफिया और टेंडर माफिया हैं।

पीएम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल में भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि इस देवभूमि में राक्षसों को पैदा करने का काम शासन में बैठे लोगों ने किया है। कांग्रेस सरकार ने पांच रक्षसों को न सिर्फ पनपने का बल्कि फलने-फूलने का भी मौका दिया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कुछ नहीं बचा है। इसीलिए देशभर से उसका सफाया हो रहा है| अब हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने की बारी यहां के मतदाताओं की है| देवभूमि को दानवों से मुक्त करना है। ये पांच राक्षस हिमाचल की युवा शक्ति को मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि खनन माफिया प्रदेश के संसाधनों का दोहन कर अपनी तिजोरी भ्र रहा है| उसे राज्य सरकार संरक्षण दे रही है| इसी तरह ड्रग माफिया प्रदेश के युवाओं को बर्बाद कर रहा है। यहां के युवा तय करें कि उन्हें अपना भविष्य कैसा चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब धूमल मुख्यमंत्री थे तो मैं संगठन का काम करता था। धूमल ने वनों की रक्षा के लिए बड़ा अभियान चलाया था। ये लोगों को समझाते थे कि प्रदेश की खुशहाली के लिए वनों को माफिया से बचाना है। वे जंगलों को लूट कर आपका भविष्य का लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीसरा माफिया अपना घर भरने के लिए आपके भविष्य को लूट रहा है। ड्रग माफिया युवा पीढ़ी को पथभ्रष्ट कर रहा है। ड्रग माफिया का सफाया होना चाहिए। माताओं से आग्रह है कि बटन दबाकर ड्रग माफिया को समाप्त करने के लिए वोट दीजिए। माताएं पुरूषों के मुकाबले पांच फीसदी अधिक मतदान करें।

उन्होंने कहा कि चौथा माफिया टेंडर माफिया प्रदेश में काम कर रहा है। भाई-भतीजावाद को इससे बढ़ावा मिल रहा है। काबिल व्यक्ति को काम करना चाहिए। सच्चे अर्थ में विकास करना है तो टेंडर माफिया से मुक्ति दिलानी होगी। प्रधानमंत्री ने पांचवां दानव ट्रांसफर माफिया को बताते हुए कहा कि प्रदेश में ट्रांसफर करने के लिए खुलेआम पैसा लिया जाता है। हर जगह इसकी लाइन लगी है। जो पैसा देकर ट्रांसफर लेते हैं वे आपका भला कैसे करेंगे। इस संस्कृति से मुक्ति मिलनी चाहिए। मोदी ने कहा कि अब इन पाँचों दानवों से मुक्ति का समय है। इसलिए इनसे छुटकारा पाने के लिए बटन दबाकर भाजपा की सरकार बनाइए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पांच दानवों की आत्मा पोलिंग बूथ पर मशीन के बटन में है। अगर सही बटन दबाओगे तो यह दानव मरने वाले हैं। मोदी ने 9 नवम्बर को भारी मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मैने हिमाचल का अन्न खाया है। इसलिए माताएं अधिक से अधिक मतदान करें और पुरूषों के मुकाबले पांच फीसदी अधिक मतदान करें।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता खुद आत्म चिंतन करे कि कैसी सरकार हिमाचल में चाहिए। प्रदेश से लोग सेना में जाते हैं। अपनी शहादत देते हैं। लेकिन इतने सालों के बाद कांग्रेस नेता यह कहें कि कश्मीर की आजादी की बात सही है। किस मुंह से कांग्रेस से यह बात कर रही है। इतने सालों की शहादत के बाद कांग्रेस यह बात बोल रही है। फिर भी कांग्रेस अपने नेता की आलोचना करने को तैयार नहीं है। ऐसी कांग्रेस से क्या कोई आशा करे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में सिर्फ भाजपा की सरकार ही नहीं बने, बल्कि सारे रिकार्ड टूट जाएं। अब ऐसी सरकार बने कि एक बार गए तो गए। अब ऐसी सजा दो कि कांग्रेस को फिर कभी वापस आने का अवसर न मिले। मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब महात्मा गांधी वाली नहीं रही। ये भ्रष्टाचार में डूबी, परिवारवाद और सांप्रदायिकता के रंग में रंगी हुई है। इसलिए हम कांग्रेस मुक्त भारत कहते हैं। आजादी के बाद कांग्रेस का ही दबदबा था। उस समय जनसंघ हमारी पार्टी होती थी। उस समय नेहरू कहते थे कि जनसंघ को जड़-मूल से उखाड़ कर फेंक देंगे। उन्होंने उसको खत्म करने का बीड़ा उठाया था। लेकिन हमने कीचड़ में कमल खिला दिया।

उन्होंने कहा कि हम उस सोच से मुक्त करवाने लिए कांग्रेस मुक्त भारत की बात कर रहे हैं। चीन के साथ डोकलाम में भारत की सेना ने बहादुरी से मुकाबला किया। 72 दिन तक हम डटे रहे। जबकि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने डोकलाम विवाद के समय चीन के राजदूत से मिलकर देश के प्रति अविश्वास जताया है। ऐसे व्यक्तियों की बातों पर क्या देश भरोसा कर सकता है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप हिमाचल में भाजपा की सरकार बनाने जा रहे हैं। हमें भव्य, दिव्य हिमाचल बनाना है। यह तभी संभव है जब 9 नवंबर को मतदान केन्द्रों पर आपकी भारी भागीदारी दिखेगी|



Updated : 2 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top