राष्ट्रपति ने कहा - डोकलाम विवाद से निपटने में भारत-भूटान ने दिखाई एकजुटता

राष्ट्रपति ने कहा - डोकलाम विवाद से निपटने में भारत-भूटान ने दिखाई एकजुटता
X

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को कहा कि चीन के साथ हुए डोकलाम विवाद के दौरान भारत और भूटान ने जो एकजुटता दिखाई वह दोनों देशों की गहरी दोस्ती का स्पष्ट प्रमाण है।

भारत यात्रा पर आये भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से बुधवार यहां मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि दोनों देशों की सुरक्षा संबंधित चिंतायें समान हैं जिन्हें अलग कर नहीं देखा जा सकता।

भारत यात्रा पर आये भूटान के राजा जिग्मे खेसर ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। इस दौरान भूटान की रानी और राजकुमार भी उनके साथ थे।

श्री कोविंद ने कहा कि भारत और भूटान के द्विपक्षीय संबंध पूर्ण विश्वास और समझदारी पर आधारित हैं जिन्हें अन्य पड़ोसी देश भी जानते हैं। उन्होंने डोकलाम विवाद पर राजा के व्यक्तिगत रूप से नजर रखने और उसके समाधान के लिए उनके प्रयासों की सराहना की| राष्ट्रपति ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि राजा बनने की सालगिरह पर वह सपरिवार यहां आये हैं। राष्ट्रपति ने उन्हें शासन के दस साल सफलता से पूरे करने और भूटान को एक स्थिर, सुखी और समृद्ध देश बनाने प्रयास की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि भूटान अपनी विशेष संस्कृति और पर्यावरण का संरक्षण करते हुए विकास कर रहा है। भारत को उसके साथ ज्ञान, अनुभव और संसाधन साझा करने में बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि विकास में दोनों देशों का सहयोग भूटान की जनता की आशा के अनुरुप ही आगे बढ़ रहा है।

Next Story