Home > Archived > दार्जिलिंग मामला : रंग बदल रही राजनीति, विमल की जगह विनय का बढ़ रहा है कद

दार्जिलिंग मामला : रंग बदल रही राजनीति, विमल की जगह विनय का बढ़ रहा है कद

दार्जिलिंग मामला : रंग बदल रही राजनीति, विमल की जगह विनय का बढ़ रहा है कद
X

दार्जिलिंग। दार्जिलिंग क्षेत्र में राजनीति एक बार फिर रंग बदलती दिख रही है। सुभाष घिसिंग के बाद 2007 में सत्ता का हस्तांतरण गोजमुमो प्रमुख विमल गुरूंग के हाथ हुआ। वहीं 2017 में अब यहां की राजनीतिक फिजा बदलती हुई दिख रही है। गोजमुमो प्रमुख आंदोलन के कारण भूमिगत हैं। विमल गुरूंग के साथ राजनीति कर रहे फिलहाल मोर्चा से बहिष्कृत नेता विनय तामांग उनकी जगह लेते दिख रहे हैं। तीन महीने से अधिक समय से चल रहा आंदोलन खत्म करने के लिए राज्य सरकार के सुर में सुर मिलाने एवं जीटीए प्रशासनिक बोर्ड के अध्यक्ष बनने के बाद विनय तामांग पहाड़ पर एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरे हैं।

पहाड़ की जनता का भी साथ उन्हें मिलता दिख रहा है। शनिवार को गोजमुमो के स्थापना दिवस को लेकर विनय गुट एवं विमल गुरूंग खेमा आमने-सामने था, पर विनय तामांग गुट ने ही पूरे जोश खरोश के साथ पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। पार्टी प्रमुख की भूमिगत होने के कारण स्थापना दिवस को लेकर मोर्चा में वह उत्सव नहीं देखा गया। विनय गुट ने पार्टी कार्यालय में स्थापना दिवस का पालन किया। कालिम्पोंग के डम्बर चौक में मार्च कर पार्टी कार्यालय में कब्जा करते हुए भारी समर्थकों के बीच विनय समर्थकों ने वहां लगे विमल गुरूंग की तस्वीर उखाड़ फेंकी।

विनय तामांग भी विमल गुरूंग को साफ चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। अपने संबोधन में वे अक्सर गुरूंग को सामने आकर अपने ऊपर लगाये गये आरोपों का सामना करने की चुनौती दे रहे हैं। बताते चले विमल गुरूंग किसी समय जीएनएलएफ सुप्रीमो सुभाष घिसिंग के वाहन चालक थे। 2007 में वे घिसिंग से अलग होकर अपनी पार्टी गोजमुमो बनाई। गोजमुमो के पहले चरण के गोरखालैंड आंदोलन के फलस्वरूप पहाड़ पर गोरखालैंड टेरिटोरिलय एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) अस्तित्व में आया। अब मोर्चा गोरखालैंड की मांग में आंदोलन कर रहा है। हालांकि गृह मंत्रालय द्वारा पहाड़ समस्या को लेकर शीघ्र ही त्रिपक्षीय बैठक बुलाने के आश्वासन के बाद मोर्चा ने पहाड़ पर बंद वापस ले लिया है, पर देखना है कि पहाड़ पर अपना जनाधार को लेकर उठ रहे सवालों से मोर्चा किस तरह निपटता है।

Updated : 8 Oct 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top