द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करेंगे भारत - फ्रांस
X
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को यहां साउथ ब्लॉक में फ्रांस के सैन्य बलों की मंत्री फ्लोरेंस पारले से मुलाकात की। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने भारत और फ्रांस के बीच सामरिक साझेदारी के महत्वपूर्ण अंग के रूप में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने संबंधी कदमों की समीक्षा की।
पारले फ्रांस के सैन्य बलों की मंत्री के रूप में 26 से 28 अक्टूबर के बीच अपनी पहली अधिकारिक यात्रा पर भारत आई हुई हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य संबंध बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई, जिसमें 2018 की शुरुआत में प्रस्तावित दोनों देशों के बीच ‘वरूण’ नौसेना युद्धाभ्यास भी शामिल है। उन्होंने आपसी हित संबंधी क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्थिति पर भी चर्चा की।
दोनों मंत्रियों ने रक्षा उपकरण और औद्योगिक सहयोग के विकास की समीक्षा की, जिसमें फ्रांस, भारत का प्रमुख साझीदार है। दोनों पक्षों ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा निर्माण, रक्षा प्रौद्योगिकी संवर्धन और अनुसंधान एवं विकास सहयोग की परियोजनाओं को भरपूर समर्थन देने पर सहमति जताई।