Home > Archived > रालोद का सपा पर पलटवार

रालोद का सपा पर पलटवार

नरेन्द्र सिंह बघेल को बनाया एत्मादपुर से प्रत्याशी

आगरा। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल में चुनावी गठबंधन नहीं हो रहा है। इसके बाद दोनों ही दलों में एक दूसरे को मात देने की प्रतियोगिता शुरू हो गई है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दूसरा झटका दिया है।
बात हो रही है एत्मादपुर (सुरक्षित) सीट की। यहां से समाजवादी पार्टी ने पहले प्रेम सिंह बघेल को प्रत्याशी बनाया था। पिछले छह महीने से वे प्रचार कर रहे थे। जैसे ही अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, प्रत्याशियों की नई सूची जारी की गई। इसमें उनका टिकट काट दिया गया। उनके स्थान पर राजाबेटी बघेल को प्रत्याशी बना दिया गया। जाहिर है कि इससे प्रेम सिंह बघेल को नाराज होना ही था। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल से सम्पर्क किया। लोकदल ने उन्हें तुरंत ही एत्मादपुर से प्रत्याशी घोषित कर दिया। शाम को खबर आई कि प्रेम सिंह बघेल फिर से समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। इससे आहत राष्ट्रीय लोकदल की नजर गई प्रदेश सचिव नरेन्द्र सिंह बघेल पर। उन्होंने लोकदल की अध्यक्षता ग्रहण की और पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी बना दिया। अब नरेन्द्र सिंह बघेल राष्ट्रीय लोकदल के अधिकृत प्रत्याशी हैं। नरेन्द्र सिंह बघेल पहले राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष थे। नाराजगी के चलते वे समाजवादी पार्टी में चले गए थे। सपा ने उन्हें प्रदेश सचिव बनाया था। अब वे फिर से साइकिल के स्थान पर हैंडपम्प चलाएंगे।
रालोद के जिलाध्यक्ष रहे हैं नरेन्द्र
नरेन्द्र सिंह बघेल ने स्वीकार किया कि चौधरी अजित सिंह ने उन्हें एत्मादपुर सीट से प्रत्याशी बनाया है। वे मूलरूप से रालोद के हैं। भूलवश सपा में शामिल हो गए थे। पार्टी प्रदेश सचिव का पद देकर उन्हें भूल गई। वे फिर से अपने घर आ गए हैं। अब कोई गलती नहीं करेंगे। एत्मादपुर सीट जीतकर रालोद को देंगे।

Updated : 23 Jan 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top