पापा सो क्यों रहे हैं, कहते हुए मासूम प्रियंका ने दी पिता को मुखाग्नि

सामाजिक रिवाजों को किया अनदेखा
ग्वालियर| पापा इतनी देर से आप सो क्यों रहे हैं। यह वाक्य उस चार साल की बेटी के थे, जिसके पिता का सोमवार को देहांत हो गया। वह लक्ष्मीगंज स्थित मुक्तिधाम में लोगों की भीड़ देखकर पिता को चिता पर लेटे हुए बार-बार यही शब्द दोहरा रही थी। सामाजिक परम्पराओं को तोड़कर जब उसने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी तो मुक्तिधाम में मौजूद सभी लोगों की आंखों में आंसू निकल पड़े। हालांकि शव यात्रा से पहले बिटिया को साथ लेकर चलने में कई लोगों ने आपत्ति जताई, लेकिन बेटी ने साथ नहीं छोड़ा।
यहां बता दें कि शेख की बगिया निवासी प्यारेलाल शाक्य नई सड़क स्थित त्रिवेदी नर्सिंगहोम के पास चाय का ठेला लगाते थे। मंगलवार को सुबह उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि पत्नी से अलगाव चल रहा था और बेटा था नहीं। चार वर्ष की मासूम प्रियंका ही प्यारेलाल के जीने का सहारा थी। शवयात्रा के बाद प्यारेलाल की तीन साल की बेटी ने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। यह नजारा देख मोक्षधाम में हर किसी की आंखें झलक गर्इं। इस दौरान आसपास के लोगों ने बड़ी संख्या में प्यारेलाल को श्रद्धांजलि दी।
कैंसर की बीमारी से हुई मौत
बताया गया है कि कई दिनों से प्यारेलाल कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उपचार के लिए वह कई बार जयारोग्य अस्पताल भी गए थे। उसकी पत्नी उनके पास नहीं रहती थी। पड़ोसियों ने मासूम प्रियंका को संभाला और उसे अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया।