Home > Archived > राष्ट्रवादी विचारों की स्थिरता के लिए भाजपा में मेरा पुन: आगमन-अरिदमन सिंह

राष्ट्रवादी विचारों की स्थिरता के लिए भाजपा में मेरा पुन: आगमन-अरिदमन सिंह

सपत्नीक अपमानित अनुभव को बताया सपा छोडऩे का कारण

आगरा। समाजवादी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व केबिनेट मंत्री व बाह से विधायक राजा अरिदमन सिंह अपनी पत्नी पक्षालिका सिंह के साथ रविवार को पत्रकारों से मिले और कहा कि कई दिनों से वह और उनका परिवार सपा नेतृत्व व कार्यकर्ताओं की ओर से अपने को अपमानित अनुभव कर रहे थे। साथ ही सपा में पिता और पुत्र के बीच चल रही सत्ता की लड़ाई से असमंजस की स्थिति में वह सपा में अपने को अनुकूल नहीं पा रहे थे। इसलिए उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पत्रकार वार्ता में भाजयुमों के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. यादवेंद्र शर्मा, राव हरेंद्र सिंह, जिला सचिव आपी सिंह, दिनेश धाकरे, देवेंद्र धाकरे, डॉ. अनुज पाराशर, सपा विधानसभा अध्यक्ष माधों सिंह बघेल, अनिल शर्मा व गुड्डू भदौरिया आदि उपस्थित रहे।

इसलिए छोड़ी सपा
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आयोग ने 17 जनवरी से नामांकन की तिथि घोषित की और सपा ने उन्हें बाह व पत्नी को खेरागढ़ से टिकट दिया लेकिन, सपा कुनबे में आई आपसी खटास खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही, ऐसे में टिकट मिलने के बाद भी यह पता नहीं था कि भविष्य क्या होगा। अरिदमन सिंह ने कहा कि मंत्री पद बर्खास्तगी के बाद समाजवादी पार्टी में उन्होंने अपमान का घूंट पिया।

भाजपा टिकट देगी तो चुनाव लड़ेंगे
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अरिदमन सिंह ने कहा कि अगर बाह से पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह पार्टी के आदेश का पालन करते अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। अरिदमन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके कार्यों व नीतियों से वह प्रभावित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा इस बार यूपी में 272 सीट जीतेगी।

अपने व्यवहार से बनाएंगे सबको अपना
जब अरिदमन सिंह से फतेहपुरसीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल द्वारा कई मंडल अध्यक्षों से एफिडेविट दिलवाकर पार्टी से उन्हें (अरिदमन सिंह) टिकट न देने का अनुरोध किया है। इस पर अरिदमन सिंह ने कहा कि वह हमेशा चौधरी बाबूलाल के साथ खड़े रहे हैं। कॉपरेटिव बैंक से वह भी जुड़े हैं दोनों ने साथ काम किया है। विवाद नहीं है और सबसे बात करके सभी प्रकार के मनमुटावों को दूर कर लेंगे।

पक्षालिका सिंह ने क्या कहा
पक्षालिका सिंह ने कहा कि बाह में हमेशा राजासाहब अपनी बदौलत जीतते आए हैं। समाजवादी पार्टी में वह थी, यह अब पुराने जमाने की बात हो गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विचारों को मजबूत करने के लिए उप्र में विकासयुक्त सरकार बने, इसलिए हम भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 17 जनवरी को बाह के जरार, सांवलिया गार्डन में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

Updated : 16 Jan 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top