प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ: ज्योतिरादित्य सिंधिया

भोपाल। कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज कहा कि मध्यप्रदेश में विकास के नाम पर कोई काम नहीं हुआ। पिछले सालों में इंवेस्टर्स मीट पर करोड़ों रू. खर्च किये गये और आज तक एक हजार करोड़ का एक भी उद्योग प्रदेश की धरती पर आकार नहीं ले सका।
श्री सिंधिया आज यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा की बदतर हालत है। गांव के स्कूलों में शिक्षक और अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है। प्रदेश में शिशु मृत्युदर की स्थिति 1000 में 55 हो गयी है। मध्यप्रदेश में व्यापमं जैसे बड़े घोटाले पर सरकार का रवैया उदासीन है। सिंहस्थ के नाम पर करोड़ों रू. की बंदरवाट हुई, मगर सरकार खामोश है।
उन्होनें कहा कि भाजपा देश को दलित और आदिवासी मुक्त बनाना चाहती है। श्री सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब शीघ्र मध्यप्रदेश के विकास को लेकर ब्लू प्रिंट तैयार करेगी, जिसको लेकर जनता के जायेंगे। प्रदेश के गांव-गांव में चौपाल लगाई जायेगी। संगठन को खड़ा किया जायेगा। अब नकारात्मक नहीं बल्कि सकारात्मक राजनीति का माहौल बनाया जायेगा।
प्रदेश में भाजपा के भ्रष्टाचार का बांध अब टूटने वाला है। देश और प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। उन्होनें ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री की ब्रांडिंग करने में लगी है। कश्मीर के मामलें में सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। मध्यप्रदेश में किसान, आदिवासी, शिक्षक बहुत परेशान है।