इलाहाबाद बसपा रैली में जा रही स्कार्पियो ट्रक से भिड़ी, तीन कार्यकर्ता घायल

इलाहाबाद, 04 सितम्बर। जनपद के हण्डिया थानान्तर्गत कुसारी गांव के समीप हाइवे पर रविवार की सुबह बसपा रैली में जा रही स्कार्पियो ट्रक से भिड़ गयी। हादसे में तीन बसपा कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा गया है।
शहर के परेड ग्राउंड में आयोजित बसपा पार्टी की रैली में शामिल होने के लिए एक स्कार्पियों में सवार होकर वाराणसी की ओर बसपा के कार्यकर्ता जा रहे थे। बताया जा रहा है कि हण्डिया थाना क्षेत्र के कुसारी गांव के समीप एक ट्रक में जा भिड़ी। भिड़न्त इतनी तेज हुई कि स्कार्पियों अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसे की जानकारी होते ही आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायल बसपा कार्यकर्ताओं को उपचार के लिए तत्काल स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय भेज दिया गया। हालांकि इस सम्बन्ध में हण्डिया इंस्पेक्टर पूर्ण जानकारी नहीं दे सके।