Home > Archived > रूस ने उरी हमले को लेकर दिया पाकिस्तान को बड़ा झटका, रद्द किया संयुक्त सैन्य अभ्यास

रूस ने उरी हमले को लेकर दिया पाकिस्तान को बड़ा झटका, रद्द किया संयुक्त सैन्य अभ्यास

रूस ने उरी हमले को लेकर दिया पाकिस्तान को बड़ा झटका, रद्द किया संयुक्त सैन्य अभ्यास
X

मॉस्को। भारत में जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में हुए आतंकी हमले के बाद रूस ने पाकिस्तान को नसीहत दी है। इसे पाक के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रूस ने भारत का समर्थन करते हुए पाकिस्तान के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास को रद्द कर दिया है। रूस के राजदूत अलेक्जेंडर कदाकिन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ अब सैन्य अभ्यास का सवाल ही नहीं है। यह सैन्य अभ्यास अगले माह गिलगित और बालतिस्तान में होना था। रूस ने इसके साथ ही पाकिस्तान के साथ हथियारों का सौदा भी रद्द कर दिया है।

रूस अब पाकिस्तान को बाकी बचे MI-35 हैलीकॉप्टर नहीं देगा। रूस ने कहा है कि वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है।

गिलगित और बालतिस्तान में होने जा रहे संयुक्त अभ्यास को रूस ने ‘फ्रेंडशिप 2016’ करार दिया गया था। ये सामरिक अभ्यास 24 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच उत्तरी पाकिस्तान स्थित आर्मी हाई ऐल्टिट्यूड स्कूल और चेरात इलाके में स्थित विशेष बल प्रशिक्षण केंद्र में किए जाने थे।

उरी हमले की अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, कनाडा, अफगानिस्तान जैसे कई देशों ने निंदा की है। इन राष्ट्रों ने अपराधियों को सजा दिलाने की वकालत की भी है। जबकि पाकिस्तान के 'दोस्त' चीन ने कहा है कि वह इस हमले से स्तब्ध है।

उल्लेखनीय है कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच अक्टूबर में द्विपक्षीय शिखर बैठक होनी है। सोमवार को रूस के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हम उरी हमले की जोरदार शब्दों में निंदा करते हैं।

Updated : 20 Sep 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top