Home > Archived > मण्डी में दस रुपए , सड़कों पर 40 रुपए किलो मिल रहा है आम

मण्डी में दस रुपए , सड़कों पर 40 रुपए किलो मिल रहा है आम

मण्डी में दस रुपए , सड़कों पर 40 रुपए किलो मिल रहा है आम
X

दशहरी और लंगड़ा ने दी बाजार में दस्तक

बंपर पैदावार से नहीं बढ़ेंगे भाव

ग्वालियर। फलों का राजा आम लोगों की पहली पसंद है। आम के शौकीन लोगों की संख्या भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बहुत अधिक है। इन दिनों जो आम मण्डी में दस रुपए किलो मिल रहा है। वहीं शहर में सड़कों और फलों की दुकानों पर इसके दाम 40 रुपए किलो हैं। फल विक्रेताओं की मानेंं तो इस बार आम की बंपर पैदावार हुई है इसके चलते यह अधिक महंगा नहीं होगा। वर्तमान में शहर में बादाम, तोतापरी, दशहरी और लंगड़ा आम मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार आमों की पैदावार के लिए इस वर्ष मौसम बेहद ही अनुकूल है। फलों पर कीट, जीवाणुओं, संक्रमण तथा फफूंद जनित रोगों का भी प्रकोप नहीं है। लजीज आमों के उत्पादन में अग्रणी स्थान रखने वाले उत्तर प्रदेश में इसकी फसल पिछले तीन वर्षों की तुलना में सबसे अच्छी हो रही है। पिछले वर्ष इस राज्य में खराब मौसम के कारण आम का उत्पादन प्रभावित हुआ था। इस बार आम की पैदावार अच्छी हो रही है। शहर में आम की आवक अगस्त माह तक बनी रहेगी।

दशहरी 40, बादाम 60 रुपए किलो
शहर की मण्डियों में प्रतिदिन 10 से 12 आम की गाडिय़ां आ रही हैं। यह आम उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से आ रहा है। इस समय दशहरी 40 तो बादाम 60 रुपए किलो के भाव से बिक रहा है। फल विक्रेताओं के अनुसार बादाम दस दिन तक और बाजार में दिखाई देगा। इसके बाद दशहरी और लंगड़ा आम ही शहर में बिकेगा।

सेब 200 रुपए किलो हुआ
बाजार में इस समय सेब महंगे दामों पर बिक रहा है। बाजार में सेब का भाव 200 रुपए किलो है। बाजार में इस समय सेब कोल्ड स्टोरेज से आ रहा है। सितम्बर से सेव के दामों में कमी आना शुरु हो जाएगी।
आम व फलों के भाव
फल भाव
बादाम 50 से 60
तोतापरी 40 से 50
अनार 100 से 150
केले 40 रुपए दर्जन


इनका कहना है
'इस बार आम की फसल अच्छी है। भाव में तेजी नहीं आएगी। आवक बढऩे से आम के भाव और नीचे आ सकते हैं। शहर वासियों को आम सामान्य दामों पर ही मिलेगा। मण्डियों में यही आम दस से बीस रुपए किलो के भाव से बिक रहा है।'

मनोहर लाल भल्ला
अध्यक्ष,फल मण्डी,यातायात नगर

'दशहरी आम आना शुरु हो गया है। एक सप्ताह के बाद और मीठा आम आना शुरू हो जाएगा। भाव में तेजी आने की कोई गुंजाइश नहीं है।'

विनोद गुप्ता, फल विक्रेता

Updated : 5 Jun 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top