Home > Archived > दबंग प्रधान सहित तीन को जेल भेजा

दबंग प्रधान सहित तीन को जेल भेजा

दबंग प्रधान सहित तीन को जेल भेजा

आगरा। महज दबंगों की तरफ देखना ही युवक को भारी पड़ गया। दबंगों ने घर में घुसकर सभी को पीटा। यहीं नहीं दबंग प्रधान की तरफ से इशारा मिलते ही पीड़ित परिवार पर गोलियों की बौछार कर दी गयी। बचाव में दूसरे पक्ष ने भी पथराव किया। दोनों तरफ से करीब आधा घंटा अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें पूर्व प्रधान पक्ष के एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल है। वहीं आरोपी पक्ष की तरफ से भी एक युवक गंभीर घायल है। पुलिस ने पूर्व प्रधान की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य हत्यारोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में एहतियात बतौर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गयी है। गांव वालों का कहना है कि पुलिस की सतर्कता से गांव में कई हत्याएं होने से बच गई। एसपी (ग्रामीण) बबिता साहू ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार अछनेरा के सहता ग्राम पंचायत के मजरा रसूलपुर सदर निवासी बहोरन सिंह गांव के ही दिनेश को हराकर प्रधान हो गया। पिछली बार दिनेश की पत्नी प्रधान थी। दोनों परिवार में कई साल से प्रधानी को लेकर तनातनी चली आ रही है। बहोरन के घर में से कई लोग पुलिस और फौज में हैं। उसके घर हथियारों के करीब चार लाइसेंस भी हैं। प्रधान बनने के बाद बहोरन के स्वभाव में बदलाव आ गया है। वह इंसान को इंसान नहीं समझता है। उससे पहले से राम-राम न की जाए तो वह सामने वाले व्यक्ति को दिनेश पक्ष का मान लेता है। गुरूवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। अपराह्न करीब एक बजे दिनेश का भतीजा धर्मवीर और भाई जगदीश, परिवार के मस्तराम के घर के बरामदे में पढ़ाई कर रहे थे। मस्तराम के घर के सामने प्रधान बहोरन का घर है। घर के बाहर चबूतरे पर बहोरन के परिवार के लड़के बैठे थे। इस दौरान दोनों के परिवार के युवकों की आपस में निगाह मिल गई। आरोप है कि महज इसी बात पर प्रधान बहोरन ने भाई तेज सिंह, रिश्तेदार नीरज आदि के साथ मिलकर हमला बोल दिया। लाठी डंडों से पीटने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार बहोरन ने छत्तीसगढ़ पुलिस में तैनात अपने भाई से दिनेश को गोली मारने को कहा था। वह तो बीच में उदल सिंह आ गये। वह अपने प्रतिद्वंद्वी को रास्ते से हटाना चाहता था। सूचना मिलते ही एसओ अछनेरा अजय यादव पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गये। पुलिस के सामने ही हमलावर गोलियां चलाते रहे। पुलिस ने घायलों को एसएन इमरजेंसी भिजवाया, जहां ऊदल सिंह (35 साल) की मौत हो गई। धर्मवीर, जगदीश को गोलियां लगीं हैं, जबकि देवेन्द्र, रामकेश, राहुल को लाठी से चोटें आई हैं। सीओ सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी ग्राम प्रधान बहोरन सिंह, भतीजे करण सिंह, रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Updated : 6 May 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top