Home > Archived > युवाओं को हिन्दू धर्म के बारे में बताने की जरूरत: स्वरूपानंद

युवाओं को हिन्दू धर्म के बारे में बताने की जरूरत: स्वरूपानंद

युवाओं को हिन्दू धर्म के बारे में बताने की जरूरत: स्वरूपानंद

*स्कूलों के बाहर बिक रहा है नशा
*सांई बाबा पर फिर लगाए आरोप

ग्वालियर। युवाओं को हिन्दू धर्म के बारे में बताने की जरुरत है, अगर ऐसा हो पाया तो युवा हिन्दू धर्म की महानता के बारे में तो जानेंगे ही साथ वे अन्य किसी के बहकावे में नहीं आएंगे। युवाओं को गीता, रामायण, वेद एवं पुराण आदि के बारे में समझाने की जरुरत है। हिन्दू धर्म की संस्कृति को बचाने के लिए युवाओं को संस्कृति का ज्ञान कराना जरुरी है। यह बात शनिवार को द्वारिका शारदा पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज ने शिंदे की छावनी स्थित रामबाग कॉलोनी संकट मोचन मंदिर पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

शंकराचार्य ने कहा कि हिन्दुओं का इतना नुकसान तो बाबर और औरंगजेब ने भी नहीं किया होगा, जितना सांई पूजा के माध्यम से कराया जा रहा है। यह हिन्दू धर्म के संगठित रूप को खण्डित करने की कोशिश है। सांई गीता, सांई चालीसा, साईं पुराण आदि कहां से आ गए। गायत्री मंत्र में साईं का नाम लेकर इस आदि-अनादि मंत्र का अपमान किया जा रहा है। इसी के चलते देश मे अकाल, अतिवृष्टि आदि प्राकृतिक आपदाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत देश पुरातन काल से है। हमारी परंपरा सनातन है। वहीं शास्त्रों में भारत का उल्लेख है। जबकि मुगल ईसाई समाज सभी बाद के धर्म हैं। भगवाकरण के बारे में उन्होंने कहा कि हम भगवाकरण नहीं कर रहे, हम तो रामराज्य की कल्पना लेकर चल रहे हैं, जहां सभी को उचित न्याय मिल सके। सिंहस्थ की व्यवस्था को लेकर उन्होनें कहा कि जब वह, वहां पहुंचेंगे उसके बाद ही कुछ बता पाएंगे। द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती 2 मई को ग्वालियर से गुना के लिए प्रस्थान करेंगे।

युवाओं में नैतिक शिक्षा की कमी
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि युवाओं में नैतिक शिक्षा की कमी है। अभी हाल ही में जेएनयू में जो कुछ हुआ, वह माक्र्स के आदर्श से प्रभावित युवा थे। वह राष्ट्र को छोड़ माक्र्स के वाक्यों को ही सर्वोपरि मानते हैं। उनमें नैतिक शिक्षा का अभाव था, इसलिए उन्होंने अफजल गुरू को विशेष बताते हुए नारेबाजी की। आजकल शिक्षा मानव संसाधन विभाग की किताबों से चल रही है, उसमें नैतिक शिक्षा जैसी कोई चीज नहीं है।

स्कूलों के बाहर बिक रहा है नशा
शंकराचार्य ने कहा कि आज स्कूलों के बाहर स्मैक एवं ब्राउन शुगर जैसा नशा बिक रहा है। पंजाब में युवा नशे का आदि है और अब मध्यप्रदेश भी उसकी चपेट में आ गया है। देश में भ्रष्टाचार ग्राम सरपंच के चुनावों से शुरू होकर लोकसभा के चुनावों तक है, जिसको रोकना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार आने के बावजूद गौ-हत्या बंद नहीं हुई है। गौ- हत्या रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के शनि शिगनापुर सहित अन्य मंदिर-मस्जिदों में प्रवेश के विरूद्ध नहीं है। महिलाओं के प्रति अन्याय दुष्कर्म आदि की समस्या को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है।

हिन्दू समाज संस्कृति से दूर हो रहा है
शंकराचार्य ने कहा कि हिन्दू समाज अपनी सभ्यता और संस्कृति से दूर हो रहा है। मुस्लिम मदरसों में बच्चों को कुरान पढ़ा रहे हैं और ईसाई बाइबिल का ज्ञान दे रहे हैं, लेकिन हिन्दू रामायण और गीता से दूर हो रहे हैं। शंकराचार्य ने रामायण और गीता को कोर्स में शामिल किए जाने की वकालत की। वहीं आगस्ता हेलीकाप्टर डील मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम आने के जबाव में उन्होंने कहा कि अगर आरोप सिद्ध हों तो सजा दी जाए, चाहे वह कोई भी हो।

जनता को गणेशजी की पूजा करनी चाहिए
शंकराचार्य ने कहा कि पुराणों में कुंभ का उदाहरण मिलता है और आज भी कुंभ में लाखों श्रद्धालु स्नान करने के लिए जाते हैं। इन बातों का शास्त्रों में उल्लेख है। जनता को भगवान गणेश जी की पूजा करना चाहिए।

Updated : 1 May 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Share it
Top