Home > Archived > दो गुटों मेें गोलीबारी,एक की मौत, दो घायल

दो गुटों मेें गोलीबारी,एक की मौत, दो घायल

सिविल लाइन थाने से 100 मीटर दूरी पर हुई वारदात

मुरैना। नेशनल हाईवे से सटे जौराखुर्द में रहने वाले दो पक्षों में रविवार को झगड़ा हो गया। दोनों पक्ष बंदूकों से लैस होकर आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से आधा सैकड़ा से अधिक राउण्ड ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई जिसमें तीन लोग घायल हो गये, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार नैनागढ़ रोड पर रहने वाले मुकेश उपाध्याय का शुक्रवार को जौराखुर्द में रहने वाले गीताराम गुर्जर वगैरह से झगड़ा हो गया था। गीताराम ने सिल्लो, सूरज व एक अन्य के साथ मिलकर मुकेश की मारपीट कर दी थी। जिसे लेकर मुकेश द्वारा सिविल लाईन थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था। रविवार की दोपहर मुकेश उपाध्याय अपने मामा के घर जौराखुर्द मेें था। तभी गीताराम अपने साथियों के साथ बंदूकों से लैस होकर उसके घर आ धमका और गालियां देते हुए राजीनामा करने का दबाव बनाने लगा।

इसी बात को लेकर दोनों पक्ष बंदूकों से लैस होकर आमने-सामने आ गए। तकरीबन आधा घंटे तक दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसमें 50 से अधिक कारतूस चलाये गये। इस दौरान घटनास्थल से करीब सौ मीटर दूर स्थित अपने घर पर खड़े होकर तमाशा देख रहे गौरी राठौर 14 साल के गले में गोली लगी, वहीं श्रीकृष्ण पुत्र हरीशचंद्र राठौर 40 वर्ष के सीने में गोली लगी। वहीं फायरिंग के दौरान एक अन्य युवक सूरजभान पुत्र फतेह सिंह गुर्जर भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से श्रीकृष्ण एवं गौरी को गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर कर दिया गया। गौरी की ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मामला द दर्ज किए जाने की कार्रवाई जारी थी।

घटनास्थल थाने से 100 मीटर दूर, फिर भी आधा घंटे होती रही गोलीबारी
दो पक्षों के बीच जिस स्थान पर गोलीबारी हो रही थी। वह सिविल लाईन थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद आधा घंटे तक दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां दागते रहे और पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, मुरैना जिले की पुलिस कितनी जिम्मेदार व संवेदनशील है इसी से अंदाज लगाया जा सकता है।
इनका कहना है
'फायरिंग में एक किशोर की मौत हुई है, मामला दर्ज किए जाने की कार्रवाई चल रही है।''
सुरेन्द्र सिंह तोमर
सीएसपी, मुरैना

Updated : 7 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top