पंच महाभूतों का संरक्षण आवश्यक: महापौर

म.प्र. जन अभियान परिषद की पंच महाभूत संवर्धन साक्षरता यात्रा आरंभ
ग्वालियर। मानव द्वारा प्राकृतिक संसाधनों का अनावश्यक दोहन किया जा रहा है। जो प्राकृतिक असंतुलन का कारण बन रहा है, इस कारण ही प्राकृतिक आपदाएं आ रही हैं। पंचमहाभूतों का संरक्षण और संवर्धन कर हम प्राकृतिक असंतुलन के ग्राफ को सुधार सकते हैं।
यह बात महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने शनिवार को म.प्र जन अभियान परिषद द्वारा निकाली जा रही पंच महाभूत संवर्धन साक्षरता यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कही। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों की सराहना करते हुए इसकी सफलता की कामना की। परिषद द्वारा यह यात्रा जगत, जीवन के संवाहक पंचमहाभूत (आकाश, वायु, अग्नि, जल, पृथ्वी) के संवर्धन हेतु ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्वालियर जिले के सभी विकासखंडों के विभिन्न ग्रामों में निकाली जा रही है। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जिला जन अभियान समिति के उपाध्यक्ष मोहन विटवेकर, म.प्र. जन अभियान परिषद् के संभाग समन्वयक सुशील बरूआ, जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया विकासखण्ड समन्वयक विनोद शर्मा, विकासखण्ड डबरा के समन्वयक बृजेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पंचमहाभूत यात्रा 6 मार्च को घाटीगांव, 8 एवं 9 मार्च मुरार, 10, 11 मार्च को डबरा एवं 12 मार्च को भितरवार क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों मेेें पहुंचेगी। शनिवार को यात्रा घाटीगांव विकासखण्ड के ओडपुरा, सोंजना और महाराजपुरा ग्रामों में पहुंची। यात्रा रथ के साथ मौजूद विकासखण्ड समन्वयक विनोद शर्मा ने इस यात्रा के उद्देश्य और पंचमहाभूतों का महत्व ग्रामीणों को समझाते हुए इनके संरक्षण की बात कही। ग्रामीणों ने भी शासन की मंशा अनुरूप अभियान से जुड़ कर पंचमहाभूतों के संरक्षण के माध्यम से ग्राम विकास की संकल्पना को साकार करने का संकल्प लिया ।
यात्रा के उद्देश्य
म.प्र. जन अभियान परिषद् के संभाग समन्वयक सुशील बरूआ ने पंच महाभूत संवर्धन यात्रा का उद्देश्य समझाते हुए बताया कि मानव द्वारा किए जा रहे प्रकृति के अनावश्यक दोहन से प्राकृतिक असंतुलन निरंतर बढ़ता जा रहा हैै। परिणाम स्वरूप प्राकृतिक आपदाएं भूकम्प , बाढ़, अवर्षा, अतिवर्षा की स्थिति बन रही है। शासन की मंशा है कि पंचमहाभूतों का संरक्षण किया जाए। इसके लिए जरूरी है कि लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाए। इसी पवित्र उद्देश्य से पंचमहाभूत संवर्धन साक्षरता यात्रा आरंभ की गई। यह यात्रा 5 मार्च से आरंभ हो कर 12 मार्च तक विभिन्न ग्रामों में पहुंचेगी।